
भक्ति और सेवा का संगम: संकीर्तन कार्यक्रम में समाजसेवी सुब्रत विश्वास ने की सहभागिता
रुद्रपुर – उत्तराखंड के रुद्रपुर क्षेत्र अंतर्गत पिपरिया नंबर दो गांव में तीन दिवसीय अखंड महा नाम संकीर्तन का भव्य एवं शांतिपूर्ण आयोजन संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय कमेटी सदस्यों द्वारा किया गया, जिसमें ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया और सामूहिक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में पहुंचे प्रमुख समाजसेवी सुब्रत विश्वास का कमेटी सदस्यों एवं ग्रामीणों ने स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों का स्नेह और सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि समाज की अपेक्षाएं बढ़ी हैं और वे ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उन पर खरा उतर सकें। साथ ही उन्होंने समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए सभी वर्गों के सम्मान और अधिकारों के लिए कार्य करते रहने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान अतिथि ने प्रसाद ग्रहण किया और स्वयं भी श्रद्धालुओं की सेवा में भागीदारी निभाई। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति संगीत, संकीर्तन और धार्मिक वातावरण ने सभी को भाव-विभोर कर दिया।
इस अवसर पर बिट्टू राय, समर सोनकर, गोविंद स्वर्णकार, कपिल मंडल, विराज विश्वास, राजेश, शुभंकर, किशोर, कौशल, कमल राजेश सहित कमेटी के अन्य सदस्य और अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक हुआ।



