दिल्ली दरबार में उत्तराखंड की राजनीति की दस्तक, अरविंद पांडे और बलराज पासी की राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात

ख़बर शेयर करे -

उधम सिंह नगर / दिल्ली मुख्यालय – उधम सिंह नगर की राजनीति अब केवल प्रदेश तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि उसकी गूंज दिल्ली दरबार तक सुनाई देने लगी है। हाल ही में उत्तराखंड के पूर्व सांसद बलराज पासी और गदरपुर से विधायक एवं पूर्व शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय में पार्टी के कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार भेंट की।

इस मुलाकात में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। नेताओं ने नितिन नवीन को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं और संगठन के प्रति उनके लंबे अनुभव की सराहना की।

मुलाकात के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण में संगठनात्मक मजबूती, जन-सरोकारों और आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर चर्चा हुई। पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे ने उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों, विकास की जरूरतों और जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने रखते हुए केंद्रीय नेतृत्व के सहयोग पर भरोसा जताया। साथ ही उन्होंने नितिन नवीन को उत्तराखंड आगमन का निमंत्रण भी दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार करने का आश्वासन दिया।

वहीं अनिल बलूनी ने कहा कि नितिन नवीन का संगठनात्मक अनुभव पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाएगा। पूर्व सांसद बलराज पासी ने इस भेंट को संगठन की मजबूती और वरिष्ठ नेताओं के बीच आपसी संवाद का सकारात्मक संकेत बताया।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मुलाकात केवल औपचारिक शिष्टाचार तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसके सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। हाल के दिनों में अरविंद पांडे द्वारा किए गए शक्ति प्रदर्शन और समय-समय पर सामने आए उनके बयान इस चर्चा को हवा दे रहे हैं कि क्या यह घटनाक्रम पुष्कर सिंह धामी सरकार के लिए किसी संभावित राजनीतिक चुनौती का संकेत तो नहीं।

See also  मेयर ने नगर निगम और अपने निजी कार्यालय पर लगवाया स्मार्ट मीटर

हालांकि, भाजपा के भीतर इसे संगठनात्मक संवाद और एकजुटता का प्रतीक बताया जा रहा है। यह भेंट पार्टी को जमीनी स्तर पर कितना मजबूत करती है या प्रदेश की राजनीति में कोई नया समीकरण बनाती है, इसका जवाब आने वाला वक्त ही देगा। फिलहाल, दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में हुई यह मुलाकात सकारात्मक ऊर्जा, विश्वास और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश देती नजर आ रही है।


ख़बर शेयर करे -