उधम सिंह नगर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, जंगलों में चल रही अवैध शराब की भट्टियां नष्ट

ख़बर शेयर करे -

उधम सिंह नगर (उत्तराखंड) – (संवाददाता शादाब हुसैन) उत्तराखंड में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने उधम सिंह नगर जिले में बड़ी कार्रवाई की है।

आबकारी आयुक्त उत्तराखंड और जिलाधिकारी उधम सिंह नगर के निर्देश पर खटीमा और काशीपुर क्षेत्र की आबकारी टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर अवैध कच्ची शराब बनाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए।

अभियान के दौरान जंगलों में संचालित चार अवैध शराब की भट्टियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। साथ ही एक महिला अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान करीब 280 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि लगभग 9200 किलोग्राम लहन (कच्ची शराब बनाने में प्रयुक्त कच्चा माल) को नष्ट किया गया।

आबकारी विभाग की टीम ने काशीपुर क्षेत्र के रमपुरा, कुंडेश्वरी और खाईखेड़ा इलाकों में छापेमारी की। इस दौरान तीन अभियोग दर्ज किए गए और चरण कौर पत्नी परमजीत सिंह नामक महिला को गिरफ्तार किया गया। यहां दो अवैध भट्टियों को नष्ट करते हुए करीब 240 लीटर अवैध शराब बरामद की गई तथा लगभग 8000 किलोग्राम लहन को नष्ट किया गया।

वहीं खटीमा क्षेत्र के आलावर्दी गांव के जंगल में भी आबकारी टीम ने दबिश दी, जहां दो अवैध भट्टियां नष्ट की गईं। इस कार्रवाई में करीब 40 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई और लगभग 1200 किलोग्राम लहन को नष्ट किया गया।

आबकारी विभाग ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण और तस्करी को रोकने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि इस तरह के अवैध कार्यों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

See also  कैंची धाम मार्ग में एंबुलेंस के जाम में फंसने से मरीज की मृत्यु संबंधी समाचारों के संदर्भ में जांच आदेश

ख़बर शेयर करे -