मक्का उत्पादक किसानों को बड़ी राहत, नमी की समस्या पर राइस मिलर्स एसोसिएशन देगा सहयोग

ख़बर शेयर करे -

उधम सिंह नगर में मक्का विक्रय की अड़चन दूर करने की पहल, यूपी की इकाइयों से भी होगी खरीद

उधम सिंह नगर – ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर मक्का फसल उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मक्का विक्रय में आ रही प्रमुख समस्याओं के समाधान को लेकर बुधवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। मक्का कटाई के समय निर्धारित मानक 15 प्रतिशत से अधिक 25 से 30 प्रतिशत नमी होने के कारण औद्योगिक इकाइयों द्वारा किसानों की मक्का फसल क्रय न किए जाने की समस्या लंबे समय से सामने आ रही थी।

इसी विषय पर आज जनपद उधम सिंह नगर में कार्यरत राइस मिलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों से चर्चा की गई। बैठक में उत्तराखंड राइस मिलर्स एसोसिएशन के महासचिव श्री अजय वंसल एवं उधम सिंह नगर राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री गगन गर्ग ने किसानों की समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने अवगत कराया कि वर्तमान में जनपद में लगभग 300 राइस मिलें संचालित हैं और सभी मिलों में मक्का सुखाने के लिए ड्रायर उपलब्ध हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि आपसी समन्वय स्थापित कर जनपद प्रशासन के इस महत्वपूर्ण प्रयास में पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि किसानों को मक्का विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में यह सुझाव भी दिया गया कि जनपद में स्थित मक्का क्रय करने वाली औद्योगिक इकाइयों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की निकटवर्ती इकाइयों से भी मक्का क्रय के लिए संपर्क किया जाए। इसी क्रम में तिलहर, शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) स्थित एथेनॉल प्लांट के संचालक श्री ऋषभ वंसल से मोबाइल के माध्यम से बातचीत की गई, जिन्होंने जनपद उधम सिंह नगर से मक्का क्रय करने की सहमति व्यक्त की।

See also  महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला और उपाध्यक्ष मीना शर्मा को पुलिस ने किया गिरफ्तार यह इसकी वजह

मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. विकेश कुमार सिंह यादव ने बताया कि बैठक का माहौल अत्यंत सकारात्मक रहा और इस वर्ष मक्का उत्पादन के बाद विक्रय में आने वाली समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा और मक्का उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।


ख़बर शेयर करे -