“2027 में फिर लहराएगा भाजपा का परचम — धामी सरकार के विकास कार्यों पर बोले भाजपा नेता डॉ. के.सी. चंदौला, कहा कांग्रेस का पतन शुरू”

ख़बर शेयर करे -

रुद्रपुर -(एम सलीम खान, संवाददाता) वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. के.सी. चंदौला ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में जिस तीव्र गति से विकास कार्य हुए हैं, उनकी बदौलत वर्ष 2027 के आगामी विधानसभा चुनावों में एक बार फिर भाजपा की प्रचंड विजय तय है। उन्होंने दावा किया कि जनता का विश्वास भाजपा के प्रति और अधिक मजबूत हुआ है तथा कांग्रेस का पतन साफ़ दिखाई देने लगा है।

डॉ. चंदौला ने कहा कि धामी सरकार ने पिछले वर्षों में जनता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए कई ऐतिहासिक और दूरगामी निर्णय लिए हैं, जिन्होंने प्रदेश को नई दिशा प्रदान की है। उन्होंने बताया कि युवा हितों, रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं में सरकार की पहल उल्लेखनीय रही है, जिससे युवाओं का भरोसा शासन तंत्र पर पुनः स्थापित हुआ है।

महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया गया, जिससे बड़ी संख्या में महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभ मिला है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे में हुए सुधारों ने आम जनता की दैनिक जिंदगी को आसान बनाया है।

उन्होंने कहा कि एंटी नकल कानून, यूकेएसएसएससी में सुधार, सैनिकों व पूर्व सैनिकों के सम्मान में उठाए गए कदम और विभिन्न विकास परियोजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन ने धामी सरकार की कार्यकुशलता को प्रमाणित किया है।

उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड में लागू समान नागरिक संहिता (UCC) ने पूरे देश में एक नई मिसाल पेश की है, जो राज्य सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प का प्रतीक है।

See also  पार्टी को मजबूत बनाने में हर कार्यकर्ता का योगदान - विकास शर्मा

भाजपा नेता चंदौला ने विश्वास जताया कि विकास, सुशासन और पारदर्शिता के मॉडल को देखते हुए आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता एक बार फिर धामी सरकार को भारी बहुमत से विजयी बनाएगी।


ख़बर शेयर करे -