
शहर से गांव तक सफाई का महासंकल्प, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने की जनसहयोग की अपील
हरिद्वार – तीर्थ नगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित जनपद बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर ‘चमाचम सड़क सफाई अभियान’ की शुरुआत की है। यह विशेष अभियान 21 फरवरी से 3 मार्च 2026 तक जनपद भर में संचालित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना है। अभियान के अंतर्गत “मेरा घर, मेरी सड़क” थीम पर विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वच्छ हरिद्वार के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए जिला प्रशासन ने सभी विभागों को सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है और उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में स्वयं निगरानी करते हुए कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के तहत नगर निगम हरिद्वार की टीम ने ललतारो पुल क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया। वहीं नगर निगम रुड़की द्वारा रुड़की क्षेत्र में विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अतिरिक्त नगर पंचायत झबरेड़ा, नगर पंचायत सुल्तानपुर और नगर पालिका मंगलौर में भी मुख्य सड़क मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान संचालित किया गया।
औद्योगिक क्षेत्र में भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) द्वारा सेक्टर 4 चौराहे से सेक्टर 6 स्थित डिस्पेंसरी तक सफाई कार्य कराया गया। साथ ही SIDCUL क्षेत्र में भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
विकास खंड रुड़की एवं खानपुर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी अभियान के अंतर्गत व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किए गए। जिलाधिकारी ने जनपद वासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का साथ दें। प्रशासन का मानना है कि जनसहभागिता से ही स्वच्छ और सुंदर हरिद्वार का लक्ष्य साकार हो सकता है।


