
“नशा मुक्त लालकुआं” के लिए एकजुट होने की अपील, युवा पीढ़ी को बचाने को होगा बड़ा प्रदर्शन
लालकुआं – (संवाददाता ज़फर अंसारी) विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते नशे के प्रभाव को लेकर पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री संध्या डालाकोटी ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने इसे सामाजिक और पारिवारिक ढांचे के लिए गंभीर चुनौती बताया है। उनका कहना है कि क्षेत्र का युवा वर्ग तेजी से नशे की चपेट में आ रहा है, जो भविष्य के लिए चिंताजनक संकेत है।
संध्या डालाकोटी ने बताया कि क्षेत्र के युवा समाजसेवी पीयूष जोशी द्वारा नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में आगामी 26 तारीख को जनसंपर्क अभियान और जनबैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नशे के कारण कई युवाओं की सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु हो चुकी है और अनेक परिवार आर्थिक व सामाजिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। महिलाओं पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में अवैध रूप से नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायतें मिल रही हैं, जिस पर प्रशासन को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
संध्या डालाकोटी ने आबकारी विभाग और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि किसी स्तर पर अवैध गतिविधियों को संरक्षण मिल रहा है, तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा किसी दल विशेष का नहीं, बल्कि पूरे समाज का है और इससे निपटने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
उन्होंने कहा कि युवा देश और समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं, इसलिए उन्हें नशे जैसी बुराई से दूर रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के लिए जनआंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया और 26 तारीख के कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता की अपील की।


