मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस का दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन, रामलीला मैदान में आयोजित हुई महारैली

ख़बर शेयर करे -

सिटी न्यूज़ उत्तराखंड की नजर से मुख्य झांकियां….

दिल्ली/उत्तराखंड – (संवाददाता एम सलीम खान) मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस पार्टी ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी महारैली का आयोजन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाए।

महारैली में देशभर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। उत्तराखंड से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने दिल्ली पहुंचकर प्रदर्शन में भाग लिया। किच्छा से विधायक तिलक राज बेहड बड़े काफिले के साथ दिल्ली पहुंचे, जबकि मीना शर्मा के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी महारैली में सक्रिय भागीदारी की।

रैली को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस द्वारा संसद में उठाए गए प्रश्नों पर सरकार की ओर से संतोषजनक उत्तर नहीं दिए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर सरकार स्पष्ट जवाब देने से बच रही है। खड़गे ने कहा कि कांग्रेस इन विषयों पर जनता के सामने तथ्य रखने का कार्य करेगी।

 

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर लगातार सवाल उठा रही है और पार्टी के पास अपने दावों के समर्थन में तथ्यों के होने का दावा है। उन्होंने संविधान में प्रत्येक नागरिक को एक वोट के अधिकार का उल्लेख करते हुए कहा कि इस व्यवस्था की रक्षा आवश्यक है। राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।

See also  पुलिस के हत्थे चढ़े दो तस्कर 1 किलो 20 ग्राम अवैध अफीम बरामद संयुक्त पुलिस टीम को मिली सफलता

अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी अपने संबोधन में केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की और दावा किया कि चुनावी व्यवस्था को प्रभावित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

रैली के बाद कांग्रेस की ओर से यह जानकारी दी गई कि पार्टी ने मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर एक ज्ञापन तैयार किया है, जिसे राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई। इससे पूर्व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इंदिरा भवन में एकत्रित हुए थे।

इस महारैली में उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, केरल सहित अन्य राज्यों से भी कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। उत्तराखंड से प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, भुवन कापड़ी, विधायक तिलक राज बेहड, आदेश चौहान, कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत, करन माहरा, मीना शर्मा, अनिल शर्मा, सुमित हृदयेश, सौरभ बेहड, गौरव खुराना, इंद्रजीत सिंह, संजय जुनेजा, ममता रानी, हिमांशु गावा, सीपी शर्मा, खजान पांडे, जितेंद्र सरस्वती, ममता हलदार सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।


ख़बर शेयर करे -