
रुद्रपुर -(एम सलीम खान ब्यूरो) भाकपा (माले) ने गणतंत्र दिवस मनाते हुए संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा का संकल्प लिया। इस दौरान जिला सचिव ललित मटियाली ने संविधान की प्रस्तावना का महत्व बताते हुए कहा कि संविधान की प्रस्तावना ही बेहतर लोकतंत्र स्थापित करने का सूत्र है।
26 जनवरी 1950 में देश ने संविधान को अपनाते हुए भारत में लोकतंत्र(गणतंत्र) की स्थापना की घोषणा की थी। इस संविधान की प्रस्तावना में लिखे गए सूत्र हमें बेहतर लोकतांत्रिक व्यवस्था स्थापित करने की दिशा देते हैं। आज जब 76 वां गणतंत्र मना रहे हैं तब इसे खुशी से मनाने के बजाए इसे बचाए रखने का संकल्प लेने की जरूरत है।
मौजूदा सरकार संविधान पर हमला करके लोकतंत्र के हर पहलू को खत्म करने की ओर बढ़ रही है। मोदी सरकार संविधान की प्रस्तावना में वर्णित समाजवादी व पंथनिरपेक्ष जैसे महत्वपूर्ण शब्दों को हटाकर पूंजीवादी व एक धर्म के शासन की व्यवस्था जनता पर लादना चाहती है। जो इस देश के गरीबों, मेहनतकशों, दलितों ,महिलाओं, अल्पसंख्यकों के लिए किसी आपदा से कम नहीं होगी।
रुद्रपुर इकाई सचिव एडवोकेट अमनदीप कौर ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में वर्णित एक–एक शब्द और उसके अर्थ को जन जन तक पहुंचाना आज हम सबकी जिम्मेदारी है। ताकि सरकार द्वारा पेश किए जा रहे खतरे को जनता सही समय पर समझ सके। सरकार जिस ओर देश को ले जाना चाहती है।
उसके खतरे से संविधान निर्माता बाबा साहब अम्बेडकर ने उसी समय चेता दिया था। संविधान इस देश में तमाम धर्म, जातियों, लिंगों, क्षेत्रीयताओं को बराबरी का अधिकार देता है जिसे सरकार छीनने में लगी हुई है। हमें संविधान और गणतंत्र बचाने की लड़ाई लड़ने का संकल्प आज के दिन लेना होगा।
इस दौरान कॉमरेड निशान सिंह, अखिलेश सिंह, केहरी सिंह, उपेन्द्र कुमार, अनिता अन्ना, करन सिंह, विजय शर्मा, दर्शन सिंह, प्रकाश चिलवाल, यश सिंह आदि साथी उपस्थित थे।

