त्रिशूल चौक को लेकर राजनीति न करें विरोधी, प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन हुआ है: महापौर विकास शर्मा

ख़बर शेयर करे -

रुद्रपुर – रुद्रपुर के ऐतिहासिक त्रिशूल चौक पर लगे शिलापट को लेकर सामने आए विवाद पर महापौर विकास शर्मा ने स्पष्ट और सख्त रुख अपनाया है। महापौर ने कहा कि आस्था के इस केंद्र और शहर की महत्वपूर्ण उपलब्धि को लेकर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने दो टूक कहा कि लोकार्पण शिलापट में सभी प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया गया है।

महापौर विकास शर्मा ने जारी बयान में कहा कि त्रिशूल चौक शहर के गौरव का प्रतीक है, लेकिन कुछ लोग इसे लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा कर रहे हैं। उन्होंने बाहर लगे एक रिक्त पत्थर को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम को निराधार बताते हुए कहा कि इससे जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है, जो शहर के विकास के हित में नहीं है।

विवाद की स्थिति स्पष्ट करते हुए महापौर ने बताया कि मुख्य शिलापट के अतिरिक्त जो पत्थर बाहर लगाया गया है, वह भगवान शिव के ‘दिव्य मंत्र’ अंकित किए जाने के लिए आरक्षित था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जल्दबाजी में उस पत्थर पर माननीय मुख्यमंत्री और उनका नाम अंकित हो गया था, जिसे लेकर भ्रम की स्थिति बनी।

महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर की सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करना और विकास कार्यों को आगे बढ़ाना है। ऐसे में आस्था और विकास से जुड़े विषयों पर राजनीति करना उचित नहीं है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि शहरहित में सहयोगात्मक रवैया अपनाया जाए और जनता को भ्रमित करने से बचा जाए।


ख़बर शेयर करे -
See also  हल्द्वानी_हिंसा में जले बनभूलपुरा थाने का नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या व हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने किया निरीक्षण