
खूंखार तेंदुए ने 17 वर्षीय किशोर को मार डाला, इस हालत में मिला शव – देखें रिपोर्ट
ब्यूरो सिटी न्यूज़ उत्तराखंड
उत्तराखंड – उत्तराखंड के मैदानी और पर्वतीय इलाकों में तेंदुओं का आतंक बढ़ता जा रहा है। ताज़ा ख़बर उत्तराखंड के देवप्रयाग से आ रही है जहां गुरुवार देर रात एक तेंदुए ने 17 वर्षीय किशोर को मार डाला। किशोर का क्षत-विक्षत शव स्थानीय लोगों और वन विभाग की टीम ने कई घंटों की तलाश के बाद देर रात घटनास्थल से काफी दूरी पर बरामद किया। किशोर का शव मिलने के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। 17 वर्षीय किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे तेंदुए को पिंजरे में कैद करने में सफलता मिली।
देवप्रयाग तहसील में स्टांप विक्रेता बलवंत सिंह चौहान का बेटा अनुराग देवप्रयाग डिग्री कॉलेज में क्रिकेट खेलने गया था। करीब सात बजे जब वह खेलकर लौट रहा था तो घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के शोर मचाने पर भी तेंदुए ने उसे नहीं छोड़ा। सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम के साथ मिलकर कई घंटों तक उसकी तलाश की, लेकिन किशोर का पता नहीं चल सका।
देर रात वन विभाग और पुलिस की टीम को किशोर का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। किशोर की मां शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। अनुराग कक्षा 12 का छात्र था। लोगों ने वन विभाग और सरकार से क्षेत्र में सक्रिय तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। देवप्रयाग विधायक विनोद कंधारी ने बताया कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे तेंदुए को पिंजरे में कैद कर लिया गया है।
तेंदुए के हमले में किशोर की मौत के बाद छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए आज देवप्रयाग विकासखंड के सभी सरकारी, गैर सरकारी, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।

