सरस आजीविका मेला-2026 में ‘फिट इंडिया’ की गूंज, योग और मलखंभ से युवाओं ने दिखाया दम

ख़बर शेयर करे -

यूएस कार्निवाल में स्वास्थ्य, परंपरा और साइबर सुरक्षा का संगम—275 प्रतिभागियों ने लिया भाग

रुद्रपुर – जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशन में आयोजित यूएस कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026 के नवें दिन रविवार को ‘फिट इंडिया’ अभियान के तहत युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से विविध स्वास्थ्यवर्धक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का संचालन जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आलोक शुक्ला के मार्गदर्शन में किया गया।

योग सत्र में समाज के विभिन्न वर्गों की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली। माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल एवं श्री गुरुनानक स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ पीएसी की 31वीं एवं 46वीं बटालियन के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 275 प्रतिभागियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल और प्रभावशाली बनाया। योग अभ्यास के माध्यम से प्रतिभागियों को नियमित दिनचर्या में स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।

इसके उपरांत युवा कल्याण अधिकारी बी.एस. रावत के निर्देशन में पारंपरिक भारतीय खेल मलखंभ का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। इस प्रस्तुति में 45 प्रतिभाशाली बच्चों—13 बालिकाओं और 32 बालकों—ने हिस्सा लिया। सितारगंज और खटीमा क्षेत्र के बच्चों द्वारा प्रस्तुत संतुलन, लचीलापन और साहसिक कौशल ने दर्शकों को प्रभावित किया। कार्यक्रम ने युवाओं को पारंपरिक खेलों से जुड़ने और समग्र विकास की दिशा में प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC), ऊधम सिंह नगर द्वारा साइबर सुरक्षा विषय पर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। कार्यशाला का संचालन जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री हेमन्त मौर्य के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यशाला में छात्र-छात्राओं एवं आमजन को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, साइबर अपराधों की पहचान, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या संदेश से सतर्क रहें और अपनी गोपनीय जानकारी अनजान व्यक्तियों से साझा न करें।

See also  हल्द्वानी-देर रात दो युवकों ने डंडों से पीटकर कर दी राजमिस्त्री की हत्या......

प्रतिभागियों को मजबूत पासवर्ड के उपयोग, डिजिटल सतर्कता बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल अभिभावकों, शिक्षकों, नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर देने की सलाह दी गई। साथ ही राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी साझा की गई।

कार्यशाला के समापन पर संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं को जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतिभागियों ने इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने और अपने परिवार व समाज को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन विभु कृष्णा द्वारा किया गया। इस अवसर पर पीडी हिमांशु जोशी, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार डोभाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नंदिनी तोमर, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी लक्ष्मी चौहान, नेटवर्क इंजीनियर हरीश पिलख्वाल, अमित पाण्डेय, सूरज कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


ख़बर शेयर करे -