
देहरादून – उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद के काशीपुर क्षेत्र स्थित पैगा गांव के किसान सुखवंत सिंह की आत्महत्या के मामले को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस प्रकरण में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने देहरादून स्थित पुलिस मुख्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने इस घटना को दुखद बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच तथा उच्च स्तरीय न्यायिक जांच की मांग की। साथ ही, उन्होंने इस पूरे मामले की जांच प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए जाने पर जोर दिया।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह मामला गंभीर प्रकृति का है और इसकी निष्पक्ष जांच से ही सच्चाई सामने आ सकती है। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित पुलिस अधिकारियों की भूमिका की भी समीक्षा किए जाने की मांग रखी।
इस अवसर पर किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण में वर्तमान में मजिस्ट्रेट जांच चल रही है, लेकिन मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी विस्तृत जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आत्महत्या से पहले सामने आए वीडियो और अन्य तथ्यों की गहनता से जांच की जानी चाहिए।
वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि किसान सुखवंत सिंह की मृत्यु से जुड़े तथ्यों पर कई सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब मृतक द्वारा आत्महत्या से पहले अपनी बात सार्वजनिक रूप से रखी गई है, तो जांच को और अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि वे पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें उठाते रहेंगे।


