
देहरादून – उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक गंभीर और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां रोड रेज के दौरान हुई फायरिंग में एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जाखन स्थित तुला ग्रीन अपार्टमेंट निवासी 74 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी रोज की तरह सुबह करीब 6:39 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान मसूरी रोड स्थित मालसी क्षेत्र में दो कार सवारों के बीच ओवरटेक को लेकर विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि एक स्कॉर्पियो और एक फॉर्च्यूनर कार के बीच रास्ता देने को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठी। स्कॉर्पियो में सवार युवकों ने फॉर्च्यूनर कार को रोकने के लिए उसके टायरों पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली वहां से गुजर रहे ब्रिगेडियर मुकेश जोशी के सीने में लग गई।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घायल ब्रिगेडियर को तत्काल मैक्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फायरिंग के बाद फॉर्च्यूनर कार जोहड़ी गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार करीब 10 से 12 लोगों ने कार में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हमले में फॉर्च्यूनर सवार दो लोग भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
स्थानीय पार्षद सागर लामा के अनुसार, सुबह करीब 6:40 बजे तेज रफ्तार में दोनों गाड़ियां सिनोला की ओर से आती दिखाई दीं। स्कॉर्पियो में सवार एक युवक लगातार फायरिंग कर रहा था, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के समय सड़क पर मॉर्निंग वॉक करने वाले कई लोग मौजूद थे, जिनकी जान भी खतरे में पड़ गई थी। तेज रफ्तार और अंधाधुंध फायरिंग के कारण बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रही।
देहरादून पुलिस के मुताबिक, सुबह 6:50 बजे कंट्रोल रूम को फायरिंग की सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल पुलिस टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी सहित अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद महज ओवरटेक और रास्ता न देने को लेकर शुरू हुआ था, जो बाद में हिंसक झड़प और फायरिंग में बदल गया।
घटना के बाद स्कॉर्पियो में सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो।



