पंतनगर में श्री अन्न महोत्सव का शुभारंभ, राज्यपाल ने किसानों को किया सम्मानित

ख़बर शेयर करे -

पंतनगर – महामहिम राज्यपाल ले. जन. (सेनि.) गुरमीत सिंह ने पं. गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित श्री अन्न महोत्सव का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा किसानों को पशु चिकित्सा प्राथमिक उपचार किट वितरित की। राज्यपाल ने मिलेट्स का लोगो व पुस्तिकाओं का भी विमोचन किया।

कार्यक्रम से पूर्व महामहिम ने विश्वविद्यालय परिसर में लगे स्टॉलों का निरीक्षण किया और गांधी हॉल जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि श्री अन्न केवल कृषि का उत्सव नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, संस्कृति और जीवन दर्शन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन और स्वस्थ राष्ट्र की परिकल्पना संभव है।” राज्यपाल ने भारतीय संस्कृति में भोजन की महत्ता का उल्लेख करते हुए ऋग्वेद और उपनिषद के संदर्भ प्रस्तुत किए।

उन्होंने कहा कि श्री अन्न यानी मिलेट्स प्रोटीन, फाइबर, खनिज और विटामिन से भरपूर हैं, जो मधुमेह, मोटापा और हृदय रोग जैसी समस्याओं से बचाव में सहायक हैं। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड की जलवायु और परंपराएँ श्री अन्न उत्पादन के लिए उपयुक्त हैं। मंडुआ, झंगोरा, कोदा, कौणी, सांवा और रामदाना जैसी फसलें राज्य की पहचान हैं।

महामहिम ने पंतनगर विश्वविद्यालय द्वारा भारतीय सेना के साथ सैनिकों के भोजन में श्री अन्न शामिल करने के समझौते को सराहनीय कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह सैनिकों के स्वास्थ्य और मनोबल को बढ़ाएगा।

राज्यपाल ने किसानों से श्री अन्न की खेती को अपनाने का आह्वान किया और वैज्ञानिकों से इसके नए उत्पाद विकसित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ भारत ही विकसित भारत का आधार है।”

See also  देहरादून-सीएम धामी कैबिनेट बैठक का बड़ा फैसला,पढ़े ये हुए फैसले......

इस अवसर पर कुलपति प्रो. मनमोहन सिंह चौहान ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, निदेशक शोध डॉ. अजीत सिंह नैन, डॉ. ए.एस. जीना, डॉ. पी.के. सिंह, डॉ. एस.के. द्विवेदी, कर्नल ढिल्लन, कर्नल अजीत, सीएमओ डॉ. के.के. अग्रवाल सहित अनेक अधिकारी, वैज्ञानिक, किसान, विद्यार्थी और जवान उपस्थित रहे।


ख़बर शेयर करे -