
कबड्डी, खो-खो और स्लो साइकिल रेस से गूंजा उत्तरायणी कौतिक, पहले दिन दिखा जबरदस्त उत्साह
हल्दूचौड़ (नैनीताल) कौतिक सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था हल्दूचौड़ के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय उत्तरायणी महोत्सव 2026 का शुभारंभ गुरुवार को पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, हल्दूचौड़ के प्रांगण में भव्य रूप से हुआ। 8 जनवरी से 14 जनवरी तक चलने वाले इस महोत्सव का उद्घाटन कौतिक संस्था की मातृ शक्ति एवं संस्था के पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर विधिवत किया गया।
उत्तरायणी कौतिक के प्रथम दिन कबड्डी, खो-खो एवं स्लो साइकिल रेस प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रीय व दूरदराज की टीमों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्लो साइकिल रेस से हुई, जिसका उद्घाटन मातृ शक्ति ने हरी झंडी दिखाकर किया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम
बालक वर्ग स्लो साइकिल रेस में निलय सिंह प्रथम, नीरज द्वितीय एवं वंश तृतीय स्थान पर रहे। वहीं बालिका वर्ग में महिमा जोशी ने प्रथम, जिया जोशी ने द्वितीय और समृद्धि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अंडर-14 बालिका कबड्डी में इन्द्रा एकेडमी ने खष्टी देवी इंटर कॉलेज को पराजित किया। अंडर-14 बालक कबड्डी वर्ग में बजरंग दल ने गिली टिर्यस को शिकस्त दी। अंडर-14 बालक खो-खो में खष्टी देवी ‘ए’ ने खष्टी देवी ‘बी’ को हराया, जबकि अंडर-14 बालिका खो-खो में इन्द्रा एकेडमी ने खष्टी देवी को पराजित किया।
सीनियर कबड्डी वर्ग में एसडी ग्रुप ने यूके-04 को मात दी। खो-खो जूनियर बालिका वर्ग में इन्द्रा एकेडमी प्रथम एवं खष्टी देवी द्वितीय स्थान पर रही।
सभी मुकाबले बेहद रोमांचक रहे, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
संस्कृति संरक्षण का संदेश
इस अवसर पर कौतिक संस्था की मातृ शक्ति ने क्षेत्रवासियों को उत्तरायणी कौतिक की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ पर्वतीय संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि कौतिक संस्था पिछले उन्नीस वर्षों से निरंतर उत्तरायणी कौतिक का आयोजन करती आ रही है, जो अब व्यापक स्तर पर पहचान बना चुका है। इस महोत्सव से स्थानीय खिलाड़ियों, कलाकारों, स्कूली बच्चों एवं महिलाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का सुनहरा अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम में कौतिक संस्था अध्यक्ष दिनेश पांडे, उपाध्यक्ष कीर्ति पाठक, खेल संयोजक देवेश गुणवंत, भोला कफल्टिया, सीमा पाठक, पूनम पांडे, हेम दुम्का, ललित दौडियाल, विक्की पाठक, प्रकाश गुरुरानी सहित उद्घोषक इंदर सिंह बिष्ट एवं रवि राणा मौजूद रहे। आयोजन में सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
हल्दूचौड़ (नैनीताल)
कौतिक संस्था के अध्यक्ष दिनेश पांडे ने बताया कि शुक्रवार को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में लोकगायिका ईशा मर्तोलिया मुख्य आकर्षण रहेंगी। इसके अलावा बच्चों की विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। मेले में झूले, दुकानें और मनोरंजन के साधन दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेंगे।
हल्दूचौड़ (नैनीताल)
महोत्सव के अगले दिन कुमाऊनी जोड़ा नृत्य, सीनियर वर्ग एकल नृत्य, सीनियर वर्ग समूह नृत्य, मेंढक दौड़, रंगोली प्रतियोगिता सहित कई रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।


