काशीपुर रंगोत्सव में सीएम धामी का भव्य स्वागत, पुष्पवर्षा के बीच साझा की होली की खुशियां

ख़बर शेयर करे -

होली हमारी सांस्कृतिक पहचान और लोकपरंपरा का प्रतीक: काशीपुर से मुख्यमंत्री धामी का संदेश

काशीपुर में रंगोत्सव की धूम, मुख्यमंत्री धामी ने गाए होली गीत

काशीपुर – काशीपुर नगर निगम परिसर में आयोजित भव्य रंगोत्सव होली मिलन समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता कर जनसमूह को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पहुंचते ही उपस्थित जनता ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। पूरा परिसर रंगों, उत्साह और उमंग से सराबोर नजर आया।

समारोह के दौरान पारंपरिक कुमाऊँनी होली, शास्त्रीय होली एवं भजन गायन की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। मुख्यमंत्री ने भी मंच से जनसमूह के साथ होली गीत गाकर कार्यक्रम में आत्मीयता का रंग भर दिया।

“होली केवल रंगों का नहीं, भाईचारे का पर्व”

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि होली हमारी समृद्ध लोक परंपरा, सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह केवल रंग लगाने का त्योहार नहीं, बल्कि परस्पर प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने काशीपुर नगर निगम की पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि जब माताएं, बहनें, युवा और बच्चे बढ़-चढ़कर ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेते हैं, तो समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

बचपन की होली की यादें की साझा

मुख्यमंत्री धामी ने अपने बाल्यकाल की होली की स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि बचपन में होली का इंतजार बेहद उत्सुकता से किया करता था। घर में बनने वाले पकवानों की खुशबू, विशेषकर गुजिया का स्वाद आज भी मन को रोमांचित कर देता है।

See also  वार्ड नंबर 16 में नगर मंत्री युवा मोर्चा दीपांशु शर्मा का निरीक्षण: खराब लाइटों का संज्ञान, जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान

उन्होंने कहा कि गांव की सामूहिक होली में न कोई ऊंच-नीच का भेद था और न ही छोटे-बड़े का अंतर। ढोल-दमाऊं और हुड़के की थाप पर जब होली गीत गूंजते थे, तो पूरा वातावरण भक्ति और उल्लास से भर जाता था। आज काशीपुर में वही एकता और भाईचारा देखकर मन प्रफुल्लित हो उठा है।

युवाओं से जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पर्व और उत्सव केवल परंपराएं नहीं, बल्कि हमारी पहचान हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि आधुनिकता के साथ आगे बढ़ते हुए अपनी संस्कृति, लोकगीतों और परंपराओं से जुड़े रहें और गर्व के साथ उन्हें आगे बढ़ाएं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरा विश्व भारत की प्राचीन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना की ओर आकर्षित हो रहा है। ऐसे समय में हमारी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि हम अपनी लोकसंस्कृति को जीवन का हिस्सा बनाएं।

काशीपुर के विकास को लेकर बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री धामी ने काशीपुर के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि 133 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें 16 औद्योगिक इकाइयों का आवंटन हो चुका है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने बताया कि काशीपुर-रामनगर राजमार्ग को चार लेन में अपग्रेड करने के लिए 494 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है तथा 3 किलोमीटर लंबा मिनी बाईपास भी प्रारंभ हो चुका है।

लगभग 1950 करोड़ रुपये की फंडिंग से पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसे महत्वपूर्ण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

See also  सड़क हादसे में 4 लोगों के आकस्मिक निधन और घायलों की मदद के लिए विधायक शिव अरोरा ने बढ़ाए हाथ एक एक लाख रुपए के चैक वितरित किए

इसके अलावा 1100 करोड़ रुपये की औद्योगिक हब परियोजना तथा 100 करोड़ रुपये की अरोमा पार्क परियोजना पर कार्य जारी है। शहर में बहुमंजिला पार्किंग और नए तहसील कार्यालय का निर्माण भी प्रगति पर है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि काशीपुर के चैती मंदिर को मानसखंड कॉरिडोर से जोड़कर इसे प्रमुख सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे काशीपुर आस्था की नगरी के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगा।

“काशीपुर देवभूमि का प्रवेश द्वार”

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि काशीपुर देवभूमि का प्रवेश द्वार है। यहां आने वाला हर यात्री स्वच्छता, विकास और सांस्कृतिक भव्यता का अनुभव करे, इसी दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों के साथ होली खेलकर उत्सव की खुशियां साझा कीं और सभी को सुख, शांति एवं समृद्धि से परिपूर्ण होली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में रहे उपस्थित

इस अवसर पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोरा, मेयर दीपक बाली, मेयर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, मुकेश कुमार, मंजीत सिंह, ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा, जिलाध्यक्ष मनोज पाल, गुंजन सुखीजा, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, शैलेन्द्र मोहन सिंघल, सायरा बानो,

खिलेन्द्र चौधरी, ऊषा चौधरी, राजेश कुमार, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, सीएमओ डॉ. के.के. अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।


ख़बर शेयर करे -