हाट बाजार बना हाईवे जाम और हादसों की वजह, सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर हरकत में आया परिवहन विभाग

ख़बर शेयर करे -

लालकुआं – हाईवे के समीप लगने वाला हाट बाजार अब आमजन की सुविधा के बजाय परेशानी और संभावित सड़क हादसों का कारण बनता जा रहा है। लालकुआं क्षेत्र में नगर पंचायत द्वारा हाईवे से सटे ओवरब्रिज के पास वन विकास निगम डिपो संख्या-6 से मार्ग पर लगाए जा रहे हाट बाजार के कारण बाजार वाले दिन सड़क के दोनों ओर भारी जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इस गंभीर समस्या को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज होने के बाद अब परिवहन विभाग हरकत में आ गया है।

बताया गया है कि आंबेडकर नगर, लालकुआं निवासी मुकेश कुमार ने 28 दिसंबर 2025 को सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया कि हाट बाजार के दिन हाईवे पूरी तरह बाधित हो जाता है।

इसके साथ ही ओवरलोड वाहनों की आवाजाही भी लगातार बनी रहती है, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि इस गंभीर विषय पर परिवहन विभाग द्वारा पूर्व में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

शिकायत का संज्ञान लेते हुए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) बिपिन कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक (यातायात), नैनीताल को पत्र प्रेषित कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। इसके अतिरिक्त परिवहन विभाग द्वारा प्रवर्तन अधिकारियों तथा नगर पंचायत लालकुआं को भी पत्र भेजकर मामले में शीघ्र एवं प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

परिवहन विभाग ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) को प्राथमिकता के आधार पर जांच करने और एक सप्ताह के भीतर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, ताकि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

See also  हल्द्वानी_बनभूलपुरा के मो० ताजिम का डी आई के पद पर चयन - बधाई देने वालो का लगा ताँता

अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि हाईवे जाम और सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती आशंका को लेकर प्रशासन कितनी सख्ती से कार्रवाई करता है, या फिर यह हाट बाजार भविष्य में भी हाईवे पर खतरे का कारण बना रहेगा।


ख़बर शेयर करे -