हल्द्वानी_मंडी क्षेत्र में डबल मर्डर से मचा हड़कंप, युवक-युवती के सिर कुचले शव बरामद

ख़बर शेयर करे -

नैनीताल – हल्द्वानी-बरेली रोड स्थित मंडी क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक और एक युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किए गए। दोनों शवों के सिर कुचले हुए पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

सुबह मंडी में काम के लिए पहुंचे मजदूरों और व्यापारियों ने शवों को देखा और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सार्वजनिक स्थान पर दो शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, उच्च अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। घटनास्थल को तत्काल सील कर दिया गया है। साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जो मौके से जरूरी सबूत जुटा रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतक युवक और युवती की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, साथ ही स्थानीय थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से भी मिलान किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की पहचान होने के बाद ही मामले की वास्तविक वजह और परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटनास्थल पर एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।

See also  श्री गणेश चतुर्थी पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के सम्बन्ध में सम्बन्धित समिति/समूहों के पदाधिकारियों के साथ की गोष्ठी का आयोजन

ख़बर शेयर करे -