हल्द्वानी_सड़क हादसे में मृतक के वाहन से मोबाइल और सोने की अंगूठी चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार

ख़बर शेयर करे -

नैनीताल पुलिस की कार्रवाई: मृतक के वाहन से चोरी किया गया मोबाइल और अंगूठी बरामद, दो आरोपी पकड़े

हल्द्वानी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देशन में हल्द्वानी पुलिस ने सड़क दुर्घटना में मृतक के वाहन से मोबाइल फोन और सोने की अंगूठी चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया पूरा सामान भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 3 मार्च 2026 को वादी गोपाल सिंह बिष्ट निवासी बरेली रोड, हल्द्वानी ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 28 फरवरी 2026 को उनके मृतक पुत्र के वाहन से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एक मोबाइल फोन और सोने की अंगूठी चोरी कर ली गई थी। इस शिकायत के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 73/26 धारा 305(B) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस के साथ मुखबिर तंत्र की मदद ली। जांच के दौरान 5 मार्च 2026 को पुलिस ने इस मामले में शामिल दो आरोपियों को चोरी किए गए सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद उवेश उर्फ मुन्ना (26 वर्ष) पुत्र साहिद मलिक निवासी गौजाजाली, थाना बनभूलपुरा तथा मोहम्मद सैफ अली (29 वर्ष) पुत्र खुर्शीद अहमद निवासी इन्द्रानगर, थाना बनभूलपुरा के रूप में हुई है।

See also  जिला मुख्यालय रुद्रपुर में प्रीपेड मीटरों का विरोध लगातार जारी अडनी ग्रुप के ठेकेदार को खदेड़ा

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक विवो कंपनी का मोबाइल फोन और एक सोने की अंगूठी बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2), 315 और 3(5) बीएनएस की भी वृद्धि की गई है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह राणा (विवेचक), कांस्टेबल अनिल जौहरी और कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी शामिल रहे।


ख़बर शेयर करे -