सरस आजीविका मेले के चतुर्थ दिवस पर बंगाली सांस्कृतिक संध्या की धूम, इमान चक्रवर्ती ने बांधा समां

ख़बर शेयर करे -

रुद्रपुर – (संवाददाता शादाब हुसैन) रुद्रपुर में आयोजित सरस आजीविका मेला (यू.एस. नगर कार्निवाल) के चतुर्थ दिवस पर सजी बंगाली सांस्कृतिक संध्या ने मेले में पहुंचे विशाल जनसमूह का भरपूर मनोरंजन किया। रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों, संगीत और उत्साह से भरी इस शाम ने पूरे आयोजन स्थल को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं प्रसिद्ध बॉलीवुड बंगाली गायिका इमान चक्रवर्ती, जिनके लोकप्रिय और ऊर्जावान गीतों ने दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके सशक्त मंच प्रदर्शन और मधुर गायन ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। इससे पहले कोलकाता से आए मशहूर जादूगर एन. सी. सरकार ने अपनी हैरतअंगेज करतबों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता और मुकेश कुमार ने कहा कि डबल इंजन सरकार समाज के सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। उन्होंने बंगाली समाज की ओर से माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित मंडल, दिलीप अधिकारी, हिमांशु जोशी, उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह, जिला प्रोविजन अधिकारी व्योमा जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

बंगाली सांस्कृतिक संध्या ने यह सिद्ध कर दिया कि सरस आजीविका मेला केवल ग्रामीण उत्पादों और स्वरोज़गार को बढ़ावा देने का मंच ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन भी है। चतुर्थ दिवस की यह शाम मेले की अब तक की यात्रा को और अधिक यादगार बना गई।

See also  दर्दनाक सड़क हादसा,अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार युवक की मौत

ख़बर शेयर करे -