“मन की बात कार्यक्रम ने छुआ दिल— पीएम मोदी ने संस्कृति, वीरता और नारी शक्ति पर रखे विचार”

ख़बर शेयर करे -

रुद्रपुर – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 126वें संस्करण का आज प्रसारण किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने भारतीय संस्कृति, धर्म, स्वदेशी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, नारी शक्ति और देश की महान विभूतियों पर विस्तार से चर्चा की।

वार्ड नंबर 4, बूथ संख्या 107, मुखर्जी नगर ट्रांजिट कैंप स्थित दिलीप अधिकारी के निवास पर भी भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने एक साथ कार्यक्रम को सुना। इस दौरान भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक भारत भूषण चुघ ने कहा कि “मन की बात” प्रधानमंत्री का ऐसा संवाद है जो सीधे हर आम नागरिक के दिल को छूता है और देश की उपलब्धियों से प्रेरित करता है।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भारत रत्न लता मंगेशकर का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लता दीदी भारतीय संस्कृति और संगीत की मिसाल थीं। उन्होंने देशभक्ति गीतों से पूरे राष्ट्र को प्रेरित किया और वीर सावरकर से प्रभावित थीं। पीएम मोदी ने लता दीदी द्वारा गाए गीत ‘ज्योति कलश छलके’ का भी जिक्र किया और बताया कि वह प्रतिवर्ष उन्हें रक्षाबंधन पर राखी भेजती थीं।

मोदी ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह वीरता और साहस के प्रतीक होने के साथ बेहद संवेदनशील भी थे। इसके साथ ही उन्होंने नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए नारी शक्ति की उपासना और देश की बेटियों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना की लेफ्टिनेंट कमांडर दिन्ना और रूपा द्वारा सागर परिक्रमा इतिहास रचने वाली उपलब्धि है।

प्रधानमंत्री ने भारतीय त्योहारों और पर्वों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये हमारी संस्कृति को जीवंत रखते हैं और आज छठ पूजा विश्वभर में धूमधाम से मनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शीघ्र ही शताब्दी वर्ष मनाने जा रहा है, जिसकी यात्रा सदैव ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना पर आधारित रही है।

See also  "ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी हल्द्वानी में हिंदी दिवस पर छात्रों ने जीवंत की स्वतंत्रता सेनानियों की गाथाएँ"

कार्यक्रम के दौरान मोदी ने असम के गायक भूपेन हजारिका और जुबीन गर्ग को भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए और अन्य कई विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस मौके पर सविता अधिकारी, कृष्ण पद विश्वास, दीपक कीर्तनीया, सुरेश कुशवाहा, प्रदीप शाह, अजय गंगवार, राज चक्रवर्ती सहित कई लोग मौजूद रहे।


ख़बर शेयर करे -