
सितारगंज –“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत सोमवार को नगर पालिका परिषद सितारगंज क्षेत्र में रामलीला मैदान में एक जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) द्वारा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य पालन, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, प्रोटोकॉल, कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा उपस्थित रहे। उनके साथ जिला अध्यक्ष भाजपा कमल जिंदल एवं नगर पालिका अध्यक्ष सुखदेव सिंह ने लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत चेक व सामग्री वितरित की।
इस अवसर पर मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान सरकार की एक अनूठी और प्रभावशाली पहल है, जिसके माध्यम से सरकार स्वयं जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे जागरूक होकर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
जनसेवा शिविर में कुल 526 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 26 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 15 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 76 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं तथा 12 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। होम्योपैथिक विभाग ने 74 लोगों की जांच की, जबकि आयुष विभाग द्वारा 29 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क औषधियां दी गईं।
समाज कल्याण विभाग ने 13 पेंशन आवेदन, 02 दिव्यांग बस पास, 02 शादी अनुदान एवं 03 लाभार्थियों को जीविका अवसर प्रोत्साहन योजना से लाभान्वित किया। वहीं डेयरी विभाग द्वारा 250 लोगों को साईलेज एवं दुधारू पशु योजना का लाभ दिया गया।
इसके अतिरिक्त केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, ब्रॉयलर फार्म प्रोत्साहन योजना, बैकयार्ड पोल्ट्री योजना, मुख्यमंत्री बाल पोषण योजना, मुख्यमंत्री महिला पोषण योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, राष्ट्रीय पशुधन मिशन, मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी बालिका एवं प्रोत्साहन योजना सहित अन्य योजनाओं के अंतर्गत कुल 525 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिविर में आने वाले सभी पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से प्रदान किया जाए तथा प्रमाण पत्रों का शीघ्र निर्गमन सुनिश्चित किया जाए।


