सिटी न्यूज़ उत्तराखंड ब्यूरो
उत्तराखंड- राज्य के अधिकांश जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। राजधानी देहरादून में भी आसमान में हल्के बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में गरज – चमक के साथ बारिश होने की भी संभावना बताई जा रही है। बात करें बारिश को लेकर मौसम विभाग की तो मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तराखंड राज्य के पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, चंपावत, देहरादून, टिहरी और पौड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। राजधानी देहरादून में मिलेजुले मौसम के साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 27, 28 और 30 जून को राज्य के अधिकांश जिलों में भारी से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान पहाड़ों में हल्के और भारी भूस्खलन की संभावना है। तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इसका असर सड़कों पर भी पड़ सकता है। ऐसे में खासकर चारधाम यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों को पूर्वानुमान के अनुसार सतर्क रहने की सलाह दी गई है। रविवार को देहरादून में हुई बारिश के चलते अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि पंतनगर में अधिकतम तापमान 37.6 और न्यूनतम तापमान 28.2, मुक्तेश्वर में अधिकतम 23.8 और न्यूनतम तापमान 16.4 और नई टिहरी में अधिकतम 27.5 और न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दून में 5.3 एमएम बारिश, कई जगह जलभराव
रविवार को देहरादून के कई इलाकों में हुई बारिश के चलते अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दोपहर में हुई बारिश के चलते कई जगह जलभराव हो गया। नालों के जाम होने से बारिश का पानी सड़कों पर भर गया। जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून में 5.3 एमएम बारिश दर्ज की गई। लक्खीबाग चौकी के सामने जलभराव के कारण दुकानों में पानी घुस गया। सर्वे चौक के पास आईआरडीटी ऑडिटोरियम के मुख्य गेट पर भी जलभराव हो गया। परेड ग्राउंड और पटेल नगर बाजार क्षेत्र में कई जगह सड़कों पर जलभराव के कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।