
भूमि विवाद से लेकर अतिक्रमण तक—जनता मिलन कार्यक्रम में आयुक्त के सख्त निर्देश, अवरोध हटाने के आदेश
हल्द्वानी – कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई एवं जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने आम जनता की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, सड़क, अवैध निर्माण, धोखाधड़ी, पेयजल, अतिक्रमण, पारिवारिक विवाद, विकलांगता प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए। आयुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया।
कार्यक्रम में न्यू आदर्श कॉलोनी, रामपुर रोड निवासी मनोज मनराल द्वारा कॉलोनी के गेट विवाद का मामला उठाया गया, जिस पर तत्काल समाधान किया गया। वहीं प्रदीप चंद जोशी द्वारा भूमि विक्रय में आ रही समस्या को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर राजस्व विभाग को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
राजप्रीत कौर द्वारा खतौनी निर्गत करने और शकुंतला देवी द्वारा स्थायी निवास प्रमाण पत्र जारी करने संबंधी प्रकरणों में भी आयुक्त ने नियमानुसार त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
गोलापार निवासी शांति द्वारा बैंक लोन से जुड़ी समस्या रखे जाने पर आयुक्त ने संबंधित बैंक प्रबंधक को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। वहीं हेमलता लखेड़ा द्वारा खुरपाताल स्थित प्राथमिक विद्यालय के खेल मैदान में अतिक्रमण की शिकायत पर आयुक्त ने संबंधित विभागों को संयुक्त रूप से व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और स्वयं निरीक्षण करने की बात कही।
दिनेशपुर निवासी इंदिरा देवी की भूमि संबंधी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए भूमि विक्रेता को तलब किया गया। इसके अलावा भावना बिष्ट और कमल किशोर जोशी द्वारा बैंक एवं भुगतान संबंधी समस्याओं पर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान सरपंच संगठन के प्रतिनिधियों ने भी विभिन्न मुद्दे उठाए, जिन पर आयुक्त ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस दौरान बैल पोखरा और रामपुर रोड क्षेत्र में 15 फीट चौड़े सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण का मामला भी सामने आया। स्थानीय निवासियों ने शिकायत की कि एक निजी स्कूल द्वारा लगाए गए गेट के कारण आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त दीपक रावत ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सार्वजनिक मार्ग पर उत्पन्न सभी अवरोध तत्काल हटाए जाएं। साथ ही, मार्ग पर बनाए गए रैंप को भी तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए, ताकि आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।



