
रामपुर रोड पर शराब की दुकान के पास मिला 10 दिन पुराना शव,इलाके में फैली दहशत
हल्द्वानी – शहर के रामपुर रोड क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब की दुकान के पास बनी एक झोपड़ी से सड़ा-गला शव मिलने की सूचना सामने आई। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार शव करीब 45 से 50 वर्षीय पुरुष का है और अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी मृत्यु लगभग 10 दिन पहले हो चुकी थी, जिसके कारण शव पूरी तरह सड़ चुका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस झोपड़ी में शव मिला है, वहां पिछले काफी समय से कोई भी नहीं रह रहा था। ऐसे में शव वहां कैसे पहुंचा, इसको लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल पुलिस द्वारा शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं और आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्टों से मिलान किया जा रहा है। साथ ही मृत्यु के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और किसी भी संभावित आपराधिक पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।


