
धामी सरकार की पहल से ऊधम सिंह नगर में आत्मनिर्भर भारत की झलक
रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर) – पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में स्वरोज़गार और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के प्रयास लगातार धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। इसी क्रम में जिला प्रशासन ऊधम सिंह नगर द्वारा रुद्रपुर के गांधी पार्क, रुद्रपुर में आयोजित सरस आजीविका मेला–2026 आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को साकार करता नजर आ रहा है।
मेले में देश के विभिन्न राज्यों से आए स्वयं सहायता समूहों (SHGs) और स्थानीय उद्यमियों ने अपने पारंपरिक उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। यहां हस्तशिल्प, खाद्य उत्पाद, पारंपरिक परिधान और घरेलू उपयोग की वस्तुएं आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। यह आयोजन न केवल भारत की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित कर रहा है, बल्कि स्थानीय कारीगरों और महिलाओं को अपनी आय बढ़ाने का प्रभावी मंच भी प्रदान कर रहा है।
इसी क्रम में हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के हरिपुरधार क्षेत्र की ग्राम पंचायत दिउड़ी खड़ाह से आई जय बिजाई माता स्वयं सहायता समूह ने अपने स्टॉल के माध्यम से हिमाचली पारंपरिक व्यंजनों की प्रस्तुति दी है। समूह की सदस्य सोनू राणा द्वारा तैयार किए गए स्थानीय पकवानों को मेले में आए लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है, जिससे उनका स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
सोनू राणा ने इस अवसर के लिए उत्तराखंड सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से छोटे स्वयं सहायता समूहों को नई पहचान मिलती है। उन्होंने कहा कि मेले में बेहतर व्यवस्थाएं और सकारात्मक माहौल समूहों को प्रोत्साहित करने वाला है, जिससे उन्हें अपनी आजीविका बढ़ाने का अवसर मिलता है।
मेले के माध्यम से महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। सरस आजीविका मेला–2026 न केवल स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध करा रहा है, बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देने का कार्य कर रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आर्थिक सेतु का कार्य करते हैं। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलता है और आत्मनिर्भरता की दिशा में ठोस कदम बढ़ते हैं।


