लोहाघाट पॉलिटेक्निक की लैब में केमिकल ब्लास्ट, गैस फैलने से सात छात्राएं और शिक्षिका बेहोश – अस्पताल में भर्ती

ख़बर शेयर करे -

उत्तराखंड – चंपावत जिले के लोहाघाट स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब संस्थान की प्रयोगशाला में प्रायोगिक कार्य के दौरान एसीटल क्लोराइड केमिकल की बड़ी बोतल नीचे गिरकर फट गई। हादसे के वक्त फार्मेसी प्रथम वर्ष की छात्राएं अपनी विषय शिक्षिका के साथ लैब में प्रैक्टिकल कर रही थीं।

केमिकल बोतल के फटते ही प्रयोगशाला में तीखी गैस फैल गई, जिससे सात छात्राएं और एक शिक्षिका अचानक बेहोश हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही संस्थान प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी प्रभावितों को उपचार के लिए लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि केमिकल के प्रभाव से छात्राओं और शिक्षिका को सांस लेने में दिक्कत, खांसी, आंखों में जलन और बेहोशी की शिकायत हुई। सभी को तत्काल ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है और चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।

घटना के बाद शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर संबंधित प्रयोगशाला को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


ख़बर शेयर करे -
See also  धामी सरकार के शहरी विकास विज़न को मजबूती, HRDA की समीक्षा बैठक में पारदर्शिता और गुणवत्ता पर ज़ोर