नैनीताल में महिला उत्पीड़न मामलों पर SSP की सख्ती, 7 परिवारों की काउंसलिंग, 5 केस दर्ज करने के आदेश

ख़बर शेयर करे -

नैनीताल – जनपद में महिलाओं से जुड़े उत्पीड़न मामलों के त्वरित समाधान के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशों के क्रम में महिला ऐच्छिक ब्यूरो के माध्यम से पारिवारिक विवादों और महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों में प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में गुरुवार, 29 जनवरी 2026 को पुलिस बहुद्देशीय भवन हल्द्वानी में महिला ऐच्छिक ब्यूरो का मासिक काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया। यह सत्र एसएसपी नैनीताल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ, जिसमें कुल 7 प्रकरणों को काउंसलिंग के लिए रखा गया।

काउंसलिंग सत्र में मनोवैज्ञानिक व काउंसलर डॉ. रश्मि पंत, शिक्षाविद एवं एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी की विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. प्रभा पंत, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष राम सिंह बसेड़ा सहित ऐच्छिक ब्यूरो के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। महिला समाधान केंद्र हल्द्वानी की प्रभारी उप निरीक्षक सुनीता कुंवर द्वारा सभी मामलों को विस्तृत रूप से प्रस्तुत किया गया।

सभी प्रकरणों में दोनों पक्ष काउंसलिंग के दौरान उपस्थित रहे और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। काउंसलिंग के बाद 5 मामलों में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए गए, जबकि एक मामले में अगली तिथि तय की गई। वहीं एक प्रकरण को अग्रिम आदेश के लिए माननीय न्यायालय को अग्रसारित किया गया।

नैनीताल पुलिस का कहना है कि जन सुरक्षा के साथ-साथ परिवारों में सामंजस्य और महिलाओं को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है, जिसके लिए ऐसे काउंसलिंग सत्र निरंतर जारी रहेंगे।


ख़बर शेयर करे -
See also  दस रुपए का लालच देकर, मानसिक रूप से विक्षिप्त नाबालिग बच्ची से दो नाबालिगों ने की घिनौनी हरकत