
800 मीटर रेस के विजेताओं को राज्यपाल ने किया सम्मानित, 10 विश्वविद्यालयों के 722 खिलाड़ी ले रहे भाग
पंतनगर – गुरमीत सिंह, राज्यपाल उत्तराखंड ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित 04 दिवसीय उत्तराखंड राज्य विश्वविद्यालय खेल एवं क्रीड़ा महोत्सव का दीप प्रज्ज्वलित एवं मशाल प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया।
उद्घाटन अवसर पर राज्यपाल ने 800 मीटर पुरुष एवं महिला वर्ग की दौड़ के विजेताओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। पुरुष वर्ग में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के अंकित नाथ प्रथम, श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के आसिफ द्वितीय तथा एसएसजे अल्मोड़ा के ललित सिंह तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में कुमाऊँ विश्वविद्यालय की नीतू प्रथम, संस्कृति विश्वविद्यालय की चांदनी द्वितीय एवं एसएसजे अल्मोड़ा की शीतल भट्ट तृतीय स्थान पर रहीं।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाशक्ति, अनुशासन, संकल्प और राष्ट्रभावना का उत्सव है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ युवाशक्ति की भूमि भी है और हिमालय की ऊँचाइयाँ हमें ऊँचे लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा देती हैं।
राज्यपाल ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त साधन हैं। मैदान में विकसित अनुशासन, समर्पण और टीम भावना जीवन में नेतृत्व क्षमता को मजबूत बनाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा और खेल दोनों में संतुलित विकास पर जोर दिया।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि खेल और सह-पाठ्य गतिविधियों को मुख्यधारा में स्थान देकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त किया गया है। उन्होंने “फिट युवा, सशक्त भारत” के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया अभियान ने देश में खेल संस्कृति को नई दिशा दी है।
राज्यपाल ने युवाओं को नशे जैसी प्रवृत्तियों से दूर रहने और खेलों के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने महिला खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” सामाजिक परिवर्तन की आधारशिला है।
उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे विश्वविद्यालय स्तर से आगे बढ़कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों, यहाँ तक कि ओलंपिक जैसे वैश्विक आयोजनों को लक्ष्य बनाएं और उत्तराखंड की धरती से ऐसे खिलाड़ी निकलें जो विश्व पटल पर देश का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम में कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता में 10 विश्वविद्यालयों के लगभग 722 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
इस अवसर पर विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी, विश्वविद्यालय के डीन, निदेशक, कोच, निर्णायक तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
राज्यपाल ने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए खेल महोत्सव के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं और “फिट उत्तराखंड, सशक्त भारत” के निर्माण का सामूहिक संकल्प दोहराया।


