
हल्द्वानी – हेल्पिंग हैंड चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित विरासत वृद्ध आश्रम में आज सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने बड़ी संख्या में पहुँचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और बुजुर्गों के प्रति स्नेह व सम्मान का संदेश दिया।
आश्रम की निदेशक शशि सिंह ने बताया कि विरासत वृद्ध आश्रम पहले गंगापुर में संचालित था, जिसे हाल ही में हल्द्वानी ठंडी सड़क, अजय मोटर्स के पास, नवीन स्कूल के सामने स्थानांतरित किया गया है। इसी उपलक्ष में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। निदेशक ने ट्रस्ट के समस्त सदस्यों को कार्यक्रम की शुभकामनाएँ दीं और सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से ट्रस्ट की लीगल एडवाइजर दीप्ति चुफाल, विनोद पाठक, जसमीत सिंह, पूनम आर्य, आर.पी. सिंह, सीमा बत्रा, दिनेश अंडोंला सहित शहर के सम्मानित अतिथि मौजूद रहे।
दीप्ति चुफाल ने बताया कि ट्रस्ट के सक्रिय सदस्य मिलकर आश्रम की सभी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति करते हैं। साथ ही शहर के कई प्रतिष्ठित लोग भी समय-समय पर सहयोग के लिए आगे आते रहते हैं और बुजुर्गों से मिलने, उन्हें स्नेह देने आश्रम पहुँचते हैं।
धार्मिक वातावरण और सामाजिक एकता से भरे इस आयोजन ने बुजुर्गों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी। कार्यक्रम का समापन हनुमान चालीसा और प्रसाद वितरण के साथ किया गया।


