
महापौर ने दी अंतिम चेतावनी, त्योहारों से पहले होगी सख्त कार्रवाई
रुद्रपुर – त्योहारों के मौसम में शहर को जाम से मुक्त कराने और बाजार व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए नगर निगम ने सख्त तेवर दिखा दिए हैं। मंगलवार शाम महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल के नेतृत्व में नगर निगम, पुलिस, यातायात विभाग और व्यापार मंडल की संयुक्त टीम ने मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्रों में पैदल निरीक्षण किया।
इस दौरान कई ठेलियां और दुकानों के बाहर फैला सामान तत्काल हटवाया गया। महापौर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अब यह आखिरी मौका है। इसके बाद तय सीमा का उल्लंघन करने वालों पर चालान और सामान ज़ब्ती की कार्रवाई होगी।
निरीक्षण में अग्रसेन चौक से लेकर काशीपुर बाईपास तक टीम ने सख्ती दिखाई। दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि अब सड़क पर सामान सजाने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं होगी।
महापौर ने कहा कि शहर को जाम से मुक्त रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि व्यापारियों और नागरिकों को भी भागीदारी निभानी होगी। उन्होंने बताया कि दीपावली से पहले विशेष इंतज़ाम किए जा रहे हैं।
इस बार दीपावली बाजार गांधी पार्क में लगाया जाएगा, जहां केवल स्थानीय पंजीकृत फड़ व्यापारी ही दुकान लगा सकेंगे। बाहर के लोगों को अनुमति नहीं होगी।
मुख्य बाजार में शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पार्किंग की वैकल्पिक व्यवस्था गांधी पार्क में की गई है।
नगर निगम और पुलिस की संयुक्त निगरानी टीम रोजाना गश्त करेगी और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई होगी।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बाजार न सिर्फ आम जनता की सुविधा के लिए जरूरी है, बल्कि यह व्यापार को भी नई रौनक देगा।
निरीक्षण में नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल, सीओ प्रशांत कुमार, यातायात निरीक्षक नरेंद्र कुमार आर्य समेत व्यापार मंडल और नगर निगम के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

