
हल्द्वानी – बनभूलपुरा क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे स्थानीय वाहन स्वामियों में दहशत का माहौल है। ताजा मामला गोला नदी क्षेत्र से सामने आया है, जहां अज्ञात चोरों ने एक ही रात में खड़े ट्रैक्टरों से 19 बैटरियां चोरी कर लीं।
घटना का पता सुबह तब चला जब वाहन स्वामी ट्रैक्टरों के पास पहुंचे। बैटरियां गायब देख वाहन स्वामियों में भारी आक्रोश फैल गया। पीड़ितों का कहना है कि इससे पहले भी उनके ट्रैक्टरों से 8 बैटरियां चोरी हो चुकी हैं, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
वाहन स्वामियों का आरोप है कि पुलिस की निष्क्रियता के चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं और अब चोरी की वारदातें बड़े पैमाने पर होने लगी हैं। उनका मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में बैटरियों की चोरी किसी संगठित चोरी गिरोह की ओर इशारा करती है।
पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द चोरी का खुलासा किया जाए और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, ताकि क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर लगाम लग सके।


