संदिग्ध पेय सेवन से दो की मौत, एक की हालत गंभीर, जांच में जुटी पुलिस

ख़बर शेयर करे -

खटीमा – ऊधमसिंहनगर जनपद के खटीमा क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां संदिग्ध पेय पदार्थ के सेवन से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें और एक संदिग्ध तरल पदार्थ बरामद किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को कंजाबाग रोड क्षेत्र में शराब सेवन के बाद एक व्यक्ति की मौत और दो अन्य के गंभीर रूप से बीमार होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कंजाबाग निवासी डिल्लू राणा (52 वर्ष) को उप जिला अस्पताल खटीमा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं, सत्रहमील निवासी प्रवेश राणा और मलकीत सिंह राणा की हालत लगातार बिगड़ने पर दोनों को उपचार के लिए हायर सेंटर बरेली रेफर किया गया। उपचार के दौरान मलकीत सिंह राणा की भी मौत हो गई, जबकि प्रवेश राणा की हालत गंभीर बनी हुई है।

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन में रखी एक बोतल में संदिग्ध रासायनिक तरल पदार्थ था, जिसे कथित तौर पर पानी समझकर शराब में मिलाकर पी लिया गया। इसी कारण यह घटना होने की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने संदिग्ध तरल पदार्थ को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और लैब जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।


ख़बर शेयर करे -
See also  रुद्रपुर_राजकीय जवाहरलाल नेहरू जिला अस्पताल में किया औचक निरीक्षण