ग्रामीणों की एकजुट पहल: लालकुआं के शीशम भुजिया गांव में नशे पर सख्ती, सामाजिक बहिष्कार का निर्णय

ख़बर शेयर करे -

लालकुआं/बिंदुखत्ता – नैनीताल जिले के लालकुआं क्षेत्र अंतर्गत बिंदुखत्ता के शीशम भुजिया गांव में नशे के बढ़ते चलन के खिलाफ ग्रामीणों ने एकजुट होकर सख्त और अनुकरणीय निर्णय लिया है। गांव में आयोजित एक सार्वजनिक बैठक में सर्वसम्मति से यह तय किया गया कि अब गांव में किसी भी प्रकार का नशा पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।

ग्रामीणों ने चिंता जताई कि शादी, नामकरण, वर्षगांठ और अन्य सामाजिक समारोहों में शराब परोसने की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण युवा पीढ़ी नशे की लत का शिकार हो रही है, जिससे सामाजिक और पारिवारिक ताना-बाना प्रभावित हो रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए गांव में नशामुक्त वातावरण बनाए रखने का निर्णय लिया गया।

बैठक में यह भी तय किया गया कि यदि कोई व्यक्ति नशा करता पाया गया या किसी भी सामाजिक आयोजन में शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थों का सेवन या वितरण करता है, तो पीने और पिलाने वाले दोनों पर 11,000 रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा। इसके साथ ही ऐसे लोगों का सामाजिक बहिष्कार भी किया जाएगा।

नशे पर प्रभावी नियंत्रण के लिए गांव में पंच मंडली समिति का गठन किया गया है, जो नियमों के पालन की निगरानी करेगी और किसी भी उल्लंघन की स्थिति में कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। बैठक में बड़ी संख्या में गांव की महिलाओं की उपस्थिति रही, जिन्होंने इस निर्णय का पूर्ण समर्थन करते हुए नशामुक्त गांव की दिशा में सहयोग देने की बात कही।

ग्रामीणों का कहना है कि यह पहल आने वाली पीढ़ी को नशे से दूर रखने और गांव में सकारात्मक सामाजिक वातावरण बनाए रखने में मील का पत्थर साबित होगी।

See also  डृक एवं ड्राइव के खिलाफ नैनीताल पुलिस का संघन चेकिंग अभियान जारी,2 चालक गिरफ्तार वाहन सीज डीएल निरस्तीकरण की कारवाई

ख़बर शेयर करे -