लालकुआँ में रेलवे बैरियर टूटने पर हंगामा, एक घंटे तक लगा रहा लंबा जाम

ख़बर शेयर करे -

लालकुआँ – (संवाददाता ज़फर अंसारी) लालकुआँ में गौला रोड स्थित रेलवे फाटक पर शुक्रवार शाम एक अप्रत्याशित घटना के बाद काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। जानकारी के अनुसार, शाम लगभग 6:15 बजे रेलवे क्रॉसिंग पर तैनात गेटमैन द्वारा फाटक बंद किए जाने के दौरान एक ई-रिक्शा बैरियर से टकरा गया, जिससे फाटक का पोल क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा चालक फाटक पार कर रहा था तभी अचानक बैरियर नीचे आ गया और वाहन से टकरा गया। बैरियर टूटने के बाद मौके पर मौजूद गेटमैन ने ई-रिक्शा चालक को रोक लिया। इस दौरान आसपास के व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने आरोप लगाया कि फाटक को बिना पर्याप्त सावधानी बरते तेजी से बंद किया गया।

घटना के दौरान व्यापारी नेता संजय जोशी और गेटमैन के बीच तीखी नोकझोंक हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बहस बढ़ने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट और सभासद भुवन पांडे अन्य व्यापारियों के साथ मौके पर पहुंचे। व्यापारियों ने रेलवे प्रशासन से फाटक संचालन में सावधानी बरतने की मांग की।

हंगामे के चलते रेलवे फाटक लगभग सवा सात बजे तक बंद रहा, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब एक घंटे बाद स्थिति सामान्य हो सकी और यातायात बहाल किया गया।

मौके पर मौजूद व्यापारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को शांत कराया। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

See also  लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के कई दिग्गज भारतीय जनता पार्टी में शामिल

ख़बर शेयर करे -