
देहरादून बस दुर्घटना का दर्दनाक अपडेट, उपचार के दौरान चालक की मौत
देहरादून – उत्तराखंड में पांच दिन पहले हुए भीषण बस हादसे से जुड़ी एक और दुखद खबर सामने आई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल बस चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई है, जिससे इस दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
यह हादसा राजधानी देहरादून के हरिपुर-कोटी-क्वानू-मीनस राजमार्ग पर मंगलवार को हुआ था। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर ही दो महिलाओं समेत तीन लोगों की जान चली गई थी, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए थे।
हादसे में घायल चालक दिनेश शर्मा (48 वर्ष) निवासी ग्राम मजोटली, हिमाचल प्रदेश को पहले देहरादून स्थित ग्राफिक एरा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत नाजुक होने के कारण उन्हें बाद में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
चालक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर यात्री वाहनों की सुरक्षा और सड़क हालात पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


