उत्तराखण्ड_सड़क हादसे में थारू समाज की प्रसिद्ध लोक गायिका रिंकू राणा का निधन, लोक कला जगत में शोक

ख़बर शेयर करे -

तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से गई लोक गायिका रिंकू राणा की जान, भतीजी घायल


उधम सिंह नगर। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद से एक दुखद खबर सामने आई है। सड़क दुर्घटना में थारू जनजाति की प्रसिद्ध लोक गायिका रिंकू राणा का निधन हो गया। इस घटना से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे थारू समाज और लोक कला से जुड़े लोगों में गहरा शोक व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रिंकू राणा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नौगजा की निवासी थीं। वह होली का त्योहार मनाने के लिए अपने मायके गई हुई थीं। इसी दौरान नानकमत्ता क्षेत्र के बिचपुरी के पास उनकी स्कूटी को ईंटों से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे में रिंकू राणा और उनकी भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रिंकू राणा को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी भतीजी का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए खटीमा उप जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

बताया जा रहा है कि रिंकू राणा की ससुराल खटीमा में थी। वह थारू जनजाति के लोक कलाकार बंटी राणा के सांस्कृतिक दल के साथ विभिन्न राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में लोक गायन की प्रस्तुति देती थीं। अपनी मधुर आवाज और लोक संस्कृति के प्रति समर्पण के कारण उन्होंने क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई थी। उनके परिवार में एक बेटा भी है।

See also  कांग्रेस ने "सद्भावना दिवस" के रूप मनाई युवा सशक्तिकरण के प्रेरक, सूचना प्रौद्योगिकी जनक, पूर्व प्रधानमंत्री "भारत रत्न" स्व. राजीव गांधी की जयंती

रिंकू राणा के अचानक निधन से उनके परिवार, परिचितों और थारू जनजाति के कलाकारों में गहरा शोक का माहौल है। लोक संस्कृति के क्षेत्र में उनके योगदान और उनकी सुरीली आवाज को हमेशा याद किया जाएगा।


ख़बर शेयर करे -