
देहरादून – केंद्रीय पर्यावरण निरीक्षण समिति के चेयरमैन पद पर गुरप्रीत गिल की नियुक्ति उत्तराखंड के लिए गौरव और सम्मान का विषय मानी जा रही है। पर्यावरण संरक्षण, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और सतत विकास के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए केंद्र सरकार ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।
गुरप्रीत गिल की नियुक्ति से प्रदेश में पर्यावरणीय निगरानी व्यवस्था को और अधिक सशक्त व प्रभावी बनाए जाने की उम्मीद है। उनके नेतृत्व में पर्यावरण से जुड़े नियमों के बेहतर अनुपालन, निगरानी और संरक्षण कार्यों को नई दिशा मिलने की संभावना जताई जा रही है।
नियुक्ति के बाद गुरप्रीत गिल ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक धरोहर, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन को सुरक्षित रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
प्रदेश के सामाजिक संगठनों, पर्यावरणविदों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न वर्गों ने उनकी नियुक्ति का स्वागत करते हुए इसे उत्तराखंड के पर्यावरण हित में एक सकारात्मक कदम बताया है। लोगों को उम्मीद है कि उनके अनुभव और नेतृत्व में राज्य में पर्यावरण संरक्षण के प्रयास और मजबूत होंगे।


