युवक अपहरण कांड का खुलासा: चंद घंटों में पुलिस ने छुड़ाया युवक, पांच आरोपी गिरफ्तार

ख़बर शेयर करे -

देहरादून – विकासनगर क्षेत्र में युवक के अपहरण और एक लाख रुपये की फिरौती मांगने की सनसनीखेज घटना का दून पुलिस ने महज़ कुछ घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद करते हुए इस मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 मार्च की शाम भोजावाला निवासी पुष्पा देवी ने कोतवाली विकासनगर में तहरीर दी कि कुछ अज्ञात व्यक्ति कार और मोटरसाइकिल से उनके घर पहुंचे। आरोप है कि वे जबरन घर में घुस आए और उनके पुत्र शक्ति पुंडीर के साथ मारपीट कर उसे वाहन में बैठाकर ले गए। कुछ समय बाद अज्ञात नंबर से कॉल कर युवक को छोड़ने के बदले एक लाख रुपये की मांग की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल कई पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। वाहन नंबरों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

तेज़ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रात में ही युवक को विकासनगर क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया तथा पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवकों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर धन उगाही करते थे। वे स्वयं को एक धार्मिक संगठन से जुड़ा बताकर लोगों पर दबाव बनाते और अवैध वसूली का प्रयास करते थे। इस प्रकरण में भी युवक पर मादक पदार्थ से संबंधित झूठा आरोप लगाकर परिजनों से फिरौती मांगी गई थी।

See also  कालाढूंगी_कार्यकर्ताओ संग विधायक भगत ने सुनी पीएम मोदी की मन की बात

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।


ख़बर शेयर करे -