सीएम धामी ने किया ‘द एस्ट्रोनॉमिकल इमेजरी’ का विमोचन, उत्तराखंड के वैज्ञानिकों को मिली वैश्विक पहचान

ख़बर शेयर करे -

देहरादून – उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ब्रिटेन के प्रतिष्ठित प्रकाशन गृह Cambridge Scholars Publishing द्वारा प्रकाशित पुस्तक “The Astronomical Imagery: Unveiling the Physics of Space and Atmospheric Wonders” का विधिवत विमोचन किया।

यह पुस्तक अंतरिक्ष एवं वायुमंडलीय विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को सरल और व्यापक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे यह विद्यार्थियों, शोधार्थियों और विज्ञान में रुचि रखने वालों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है।

इस पुस्तक का संपादन डॉ योगेश पांडे, मंजुलेश्वर पंडा, डॉ देवेंद्र बिष्ट और डॉ दीपक पांडे के नेतृत्व में किया गया है। डॉ योगेश पांडे Kumaun University से संबद्ध राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बाजपुर में सहायक प्राध्यापक हैं, जबकि मंजुलेश्वर पंडा एक स्वतंत्र खगोल विज्ञान शोधकर्ता और IIT Indore के पूर्व शोध प्रशिक्षु रहे हैं।

पुस्तक में खगोलीय बिम्बविधान, अंतरिक्ष और वायुमंडल में प्रकाशिकी, दूरबीन व उपग्रह आधारित इमेजिंग, वायुमंडलीय घटनाएं, तारकीय अध्ययन, उच्च-ऊर्जा खगोल भौतिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग और मौसम व जलवायु पूर्वानुमान जैसे विषयों को विस्तार से शामिल किया गया है।

खास बात यह है कि इस परियोजना में भारत के साथ-साथ अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, जर्मनी, चीन, यूएई और दक्षिण कोरिया के वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं ने भी योगदान दिया है, जिससे यह पुस्तक वैश्विक दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर संपादक मंडल को बधाई देते हुए कहा कि यह कृति उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है और आने वाले समय में युवाओं को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने विशेष रूप से डॉ योगेश पांडे को भविष्य में भी शोध और लेखन जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

See also  हल्द्वानी_गंगापुर कबडवाल में द हंस फाउंडेशन द्वारा ग्रामीणों को किया गया जागरूक

यह पुस्तक अब Amazon समेत विभिन्न वैश्विक प्लेटफॉर्म्स और प्रकाशक की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह कृति अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विज्ञान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान के रूप में देखी जा रही है।


ख़बर शेयर करे -