
हल्द्वानी – नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की सोमवार को महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में शहर के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े 18 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में शहर की प्रकाश व्यवस्था सुधारने के लिए 10 हजार नई स्ट्रीट लाइट खरीदने, निगम में शामिल नए ग्रामीण क्षेत्रों को कमर्शियल टैक्स में छूट की अवधि 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ाने और विभिन्न विकास कार्यों को गति देने का निर्णय लिया गया। हालांकि, सफाई व्यवस्था को लेकर बैठक में तीखी नाराजगी भी देखने को मिली। पार्षद भागीरथी बिष्ट ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए धरना दिया।
बैठक में नगर निगम की दुकानों के किराये में छूट की अवधि बढ़ाने, बनभूलपुरा स्थित पुरानी मीट मार्केट की गली नंबर-12 के पुनर्निर्माण और निगम की दुकानों का सर्वे कराने के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही नजूल से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेजों के संरक्षण का निर्णय भी लिया गया।
10 हजार स्ट्रीट लाइट से जगमगाएगा शहर
शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ईएसएल कंपनी से 10 हजार स्ट्रीट लाइट खरीदने का अनुबंध किया जाएगा। वहीं, डीके पार्क का सौंदर्यीकरण जिला विकास प्राधिकरण के माध्यम से कराया जाएगा। शनि बाजार मोड़ पर सड़क चौड़ीकरण के चलते ध्वस्त हुई दुकानों के पुनर्निर्माण को भी हरी झंडी दी गई।
बैठक में काठगोदाम स्थित नगर निगम इंटर कॉलेज में अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास निर्माण और कॉलेज के शिक्षकों के वेतन में वृद्धि के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
प्लास्टिक प्रोसेसिंग प्लांट लगाने का रास्ता साफ
शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से गौला रोखड़ स्थित झील विकास प्राधिकरण की भूमि पर प्लास्टिक प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके अलावा कबाड़ी और बढ़ई के ट्रेड लाइसेंस शुल्क में संशोधन, नगर निगम के कम्युनिटी हॉल को निगम के नियंत्रण में लेने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के अनुमोदन से जुड़े प्रस्तावों पर भी निर्णय लिया गया।
फ्रेश वेस्ट प्लांट के पूर्व स्वीकृत कार्यों को वर्तमान दरों पर कराने सहित अन्य प्रस्तावों को भी बैठक में मंजूरी दी गई। वहीं, निगम में शामिल नए ग्रामीण क्षेत्रों के व्यापारियों को कमर्शियल टैक्स में मिलने वाली छूट की अवधि 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
सफाई व्यवस्था पर पार्षद का धरना, अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल
बोर्ड बैठक के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षद भागीरथी बिष्ट ने नाराजगी जताई और धरने पर बैठ गईं। उन्होंने सफाई व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता उठाई। इसके अलावा बैठक में कई विभागीय अधिकारियों की अनुपस्थिति पर पार्षदों ने सवाल खड़े किए और नाराजगी व्यक्त की।
इस पर नगर आयुक्त ने अनुपस्थित अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कही। बैठक में पार्षदों ने शहर की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर भी अपने सुझाव रखे।

