कैंचीधाम मेले की तैयारियां अंतिम चरण में, 15 जून को श्रद्धालुओं के लिए रहेंगे व्यापक इंतजाम

ख़बर शेयर करे -

कैंचीधाम/नैनीताल – बाबा नीब करौरी महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर 15 जून को आयोजित होने वाले कैंचीधाम मेले की तैयारियों को लेकर सोमवार को मंदिर परिसर स्थित सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने की। बैठक में मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, शटल सेवा, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज की कृपा से सेवा का अवसर प्राप्त हुआ है, इसलिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं गंभीरता के साथ करें। व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यातायात व्यवस्था के संबंध में पुलिस अधीक्षक यातायात जगदीश चंद्र ने बताया कि मेले के दिन आपातकालीन वाहनों को छोड़कर भवाली-कैंचीधाम मार्ग पर सामान्य वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हल्द्वानी, नैनीताल एवं भीमताल से विशेष शटल सेवाएं संचालित की जाएंगी। निर्धारित पार्किंग स्थलों से मंदिर तक लगातार शटल वाहन चलेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि मार्ग पर कहीं भी वाहन पार्किंग एवं भंडारे आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी।

अपर जिलाधिकारी ने सभी पार्किंग स्थलों पर विद्युत प्रकाश, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।

सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नगर पालिका भवाली एवं जिला पंचायत को आपसी समन्वय के साथ व्यापक सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती, मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था तथा मंदिर परिसर एवं पूरे मार्ग से दिन में कम से कम तीन बार कूड़ा उठान सुनिश्चित करने को कहा गया।

See also  उत्तराखंड में 'मध्यस्थता राष्ट्र के लिए' अभियान शुरू, 90 दिनों तक चलेगा विशेष कार्यक्रम

श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों पर पेयजल टैंकर लगाने के निर्देश जल संस्थान को दिए गए। साथ ही सभी शौचालयों में 24 घंटे जलापूर्ति बनाए रखने को कहा गया। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि मेले के दौरान तीन दिनों तक मेडिकल टीम तैनात रहेगी तथा दो एंबुलेंस लगातार मौके पर उपलब्ध रहेंगी।

विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और मेले के दौरान विशेष टीम तैनात रखने के निर्देश दिए गए। वहीं वन विभाग को शिप्रा नदी क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग तथा सभी पैदल मार्गों की साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत मंदिर परिसर एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, बैरिकेडिंग और सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। अग्निशमन विभाग की टीमें भी पूरे मेले के दौरान तैनात रहेंगी।

बैठक में मंदिर समिति के ट्रस्टी मंजुल कुमार जोशी, प्रदीप शाह, पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र, उप जिलाधिकारी धारी अनुराग आर्य, उप जिलाधिकारी नैनीताल नवाजिश खालिक, श्री कैंचीधाम के दिव्यांशु, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल सहित मंदिर समिति, व्यापार मंडल और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


ख़बर शेयर करे -