वन्यजीव तस्करी का पर्दाफाश, पति – पत्नी गिरफ्तार,वाहन की डिग्गी से 14 दुर्लभ प्रजाती के कछुए बरामद

ख़बर शेयर करे -

देहरादून – (एम सलीम खान, संवाददाता) राजधानी देहरादून में पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली जब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान रायवाला पुलिस ने वन्यजीव तस्करी में लिप्त एक दंपति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके वाहन की डिग्गी से दुर्लभ प्रजाति के 14 कछुए बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, रायवाला गेट के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध प्रतीत हो रहे एक के यू वी 100 वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की डिग्गी खोलते ही पुलिस टीम के होश उड़ गए, क्योंकि अंदर से 14 जीवित कछुए बरामद हुए।

वाहन सवार पति-पत्नी बेताबनाथ और बरखा कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वाहन को भी सीज कर दिया है और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पूछताछ में आरोपी बेताबनाथ ने बताया कि वह कबाड़ का काम करता है और नजीबाबाद से कछुए खरीदकर ऋषिकेश ले जा रहा था। दंपति ने कछुओं को स्थानीय लोगों को महंगे दामों पर बेचने की योजना भी बना रखी थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के निर्देश दिए हैं और जिले में लगातार चेकिंग अभियान जारी रखने को कहा है।


ख़बर शेयर करे -
See also  नशा मुक्त उत्तराखंड बनाने के लिए विशेष आपरेशन टास्क फोर्स का गठन - आई जी रिधिम अग्रवाल