पुलिस के छह निरीक्षकों को भावभीनी विदाई, एसएसपी नैनीताल ने सराही कर्तव्यनिष्ठा और सेवाएं

हल्द्वानी – नैनीताल जनपद से स्थानांतरित होकर अन्य जिलों में नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे छह निरीक्षकों के सम्मान में मिनी पुलिस लाइन, हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में विदाई समारोह आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अध्यक्षता में हुए समारोह में स्थानांतरित अधिकारियों की कर्तव्यनिष्ठा, सरल व्यक्तित्व और जनहित में दी गई सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।

समारोह में एसएसपी ने निरीक्षक अरुण कुमार सैनी, प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी को ऊधमसिंहनगर; विजय सिंह मेहता, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी को बागेश्वर; प्रकाश सिंह मेहरा, प्रभारी निरीक्षक भवाली को अल्मोड़ा; हरपाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक तल्लीताल को बागेश्वर; दिनेश सिंह फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा को पिथौरागढ़ तथा सुशील चंद्र जोशी, प्रभारी निरीक्षक मुखानी को अल्मोड़ा स्थानांतरित होने पर शुभकामनाओं के साथ विदा किया।

प्रभावी पुलिसिंग और जनसेवा की सराहना

इस अवसर पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी., एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने सभी अधिकारियों की प्रभावी पुलिसिंग, मृदुल व्यवहार और कर्तव्यनिष्ठा की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके कार्यकाल के अनुभव साझा किए और स्मृति चिह्न व उपहार भेंटकर सम्मानित किया।

स्थानांतरित अधिकारियों ने भी नैनीताल जनपद में तैनाती के दौरान मिले अनुभवों को साझा किया। उन्होंने एसएसपी सहित वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और पुलिस बल के साथियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

नई तैनाती पर भी इसी ऊर्जा से काम करने की उम्मीद

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि स्थानांतरण विभागीय प्रक्रिया का हिस्सा है। सभी अधिकारियों ने नैनीताल जनपद में सराहनीय सेवाएं देते हुए प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से जनविश्वास कायम किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने से लेकर वीआईपी ड्यूटी तक पुलिसिंग के विभिन्न दायित्वों में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों ने थाना प्रभारियों के रूप में नैनीताल पुलिस की टीम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और उनकी कमी महसूस होगी।

एसएसपी ने विश्वास जताया कि सभी अधिकारी नई तैनाती पर भी इसी ऊर्जा, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हुए पुलिस विभाग का गौरव बढ़ाएंगे। अंत में नैनीताल पुलिस परिवार की ओर से सभी को नवीन तैनाती के लिए बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

ये अधिकारी रहे मौजूद

समारोह में सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, सीओ भवाली विनय सिंह, सीओ हल्द्वानी लव शर्मा, सीओ ऑप्स समीरन भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, निरीक्षक पुलिस दूरसंचार राजकुमार बिष्ट, निरीक्षक यातायात हल्द्वानी भूपेश पांडेय, वाचक निरीक्षक रमेश सिंह नेगी, प्रधान लिपिक हिमांशु पंत, आशुलिपिक साधना, पीआरओ हेमा ऐठानी सहित विभिन्न थाना और शाखाओं के प्रभारी, मीडिया प्रतिनिधि तथा पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी ने स्थानांतरित अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सेवाओं और कार्यशैली की सराहना की।