
डीएम नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, वन दरोगा विशाखा दिवाकर हुईं सम्मानित
रूद्रपुर – जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में जनपद ऊधम सिंह नगर में जेंडर सेंसिटाइजेशन को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, उपजिलाधिकारी किच्छा गौरव पांडेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि जनपद में 25 नवंबर से 23 दिसंबर तक जेंडर सेंसिटाइजेशन एवं महिला सशक्तिकरण को लेकर कुल 114 विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें 31 कार्यक्रम स्वयं सहायता समूहों (SHG) द्वारा, 27 कार्यक्रम महिला हेल्पलाइन एवं चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से तथा अन्य विभागों द्वारा विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संपादित की गईं। इन अभियानों के माध्यम से कुल 15,979 लाभार्थियों को जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं औद्योगिक संस्थानों में पॉक्सो एक्ट, बाल सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा से संबंधित जागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। वहीं ग्राम्य विकास विभाग द्वारा महिला समूहों के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम्य विकास विभाग द्वारा 191 जेंडर प्लेज कार्यक्रम आयोजित किए गए, जबकि जेंडर बेस्ड वायलेंस विषय पर 507 सत्र संपन्न कराए गए।
जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिए कि समस्त गतिविधियों से संबंधित सूचनाएं एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान बाजपुर निवासी विशाखा दिवाकर, पुत्री स्वर्गीय धर्मपाल सिंह, को अनाथ बच्चों को राज्य सेवा में दिए गए क्षैतिज आरक्षण के अंतर्गत वन दरोगा पद पर चयनित होने पर जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित किया कि विशाखा दिवाकर को जेंडर सेंसिटाइजेशन के लिए रोल मॉडल के रूप में जनपद के विद्यालयों में मोटिवेशनल लेक्चर दिलवाए जाएं, ताकि छात्र-छात्राएं प्रेरित हो सकें।


