
भीमताल – जनगणना-2027 के तहत संचालित स्व-गणना अभियान में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रशासनिक अधिकारी भी आगे आ रहे हैं। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय ने गुरुवार को अपने आवास से स्व-गणना का ऑनलाइन फॉर्म भरा। उन्होंने जनपदवासियों से भी 30 नवंबर तक इस सुविधा का लाभ उठाकर अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कराने की अपील की।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार की ओर से 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के भविष्य और विकास की आधारशिला है। नागरिकों द्वारा दी गई सही जानकारी के आधार पर सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी बेहतर योजनाएं तैयार करने में मदद मिलती है।
जनपद में 3,982 लोगों ने कराया पंजीकरण
सीडीओ ने बताया कि जनपद नैनीताल में अब तक 3,982 लोगों ने स्व-गणना के लिए पंजीकरण कराया है। इनमें से 1,477 लोग अपना पूरा फॉर्म भरकर जमा कर चुके हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करें।
40 सवालों के जवाब देकर पूरी करें स्व-गणना
उन्होंने बताया कि स्व-गणना के लिए प्रगणक के घर आने का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। नागरिक घर बैठे मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर के माध्यम से आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। पोर्टल पर कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें परिवार के सदस्यों की व्यक्तिगत जानकारी, शिक्षा, रोजगार, निवास, सामाजिक स्थिति और अन्य आवश्यक विवरण शामिल हैं।
सीडीओ ने कहा कि फॉर्म भरने से पहले परिवार के सभी सदस्यों के नाम, जन्मतिथि, आयु, शिक्षा और व्यवसाय से संबंधित जानकारी तैयार रखनी चाहिए। पोर्टल पर राज्य और भाषा का चयन करने के बाद मोबाइल नंबर एवं ओटीपी के माध्यम से लॉगिन करना होगा। एक बार भाषा चुनने के बाद उसे बदला नहीं जा सकेगा। फॉर्म भरने के बाद सभी जानकारियों की समीक्षा कर उसे सबमिट करना होगा।
स्व-गणना आईडी सुरक्षित रखना जरूरी
उन्होंने बताया कि फॉर्म सफलतापूर्वक जमा होने के बाद ‘P’ अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की स्व-गणना आईडी (SE ID) जारी होगी। यह आईडी मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से भी प्राप्त होगी। नागरिक इसे सुरक्षित रखें। जनगणना के अगले चरण में जब प्रगणक घर पहुंचेगा, तब उसे केवल यह आईडी उपलब्ध करानी होगी।
सीडीओ ने कहा कि स्व-गणना से लोगों के समय की बचत होगी और स्वयं जानकारी दर्ज करने से त्रुटियों की संभावना कम होगी। उन्होंने जनपदवासियों से इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक की सही जानकारी देश की विकास योजनाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
स्व-गणना संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन 1855 तथा व्हाट्सएप नंबर 1800-180-1855 जारी किए गए हैं।

