
रुद्रपुर – शहर के इंदिरा चौक पर भव्य त्रिशूल चौक के निर्माण, मंगलवार को मांस बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने तथा महापौर के एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों के उपलक्ष्य में गौ रक्षा दल द्वारा महापौर विकास शर्मा का भव्य अभिनंदन एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर महापौर को शॉल ओढ़ाकर, भगवा पटका पहनाकर पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
कार्यक्रम के दौरान गौ रक्षा दल के जिलाध्यक्ष विराट आर्य ने महापौर के निर्णयों की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक मूल्यों को विकास से जोड़ने की यह पहल शहर के लिए एक मिसाल है। उन्होंने कहा कि त्रिशूल चौक की स्थापना से रुद्रपुर की पहचान को नया आयाम मिला है, जबकि मंगलवार को मांस बिक्री बंद रखने का निर्णय जनभावनाओं के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।
सम्मान से अभिभूत महापौर विकास शर्मा ने कहा कि भगवान रुद्र के नाम पर बसे इस पावन नगर की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने जानकारी दी कि 14 फरवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा इंदिरा चौक पर विशाल त्रिशूल का लोकार्पण किया जाएगा। महापौर ने यह भी बताया कि भविष्य में शहर के प्रमुख चौराहों पर डमरू और हनुमान जी की गदा स्थापित करने की योजना है, साथ ही श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए भगवान शिव की 51 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
महापौर ने शहर के धार्मिक एवं सामाजिक ढांचे से जुड़े कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि शिवरात्रि के अवसर पर मंदिरों के सौंदर्यीकरण का कार्य प्रगति पर है। वर्षों से लंबित गौशाला की मांग को पूरा करते हुए छह एकड़ भूमि पर निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है, जिससे निराश्रित गौवंश को सुरक्षित आश्रय मिलेगा। इसके अतिरिक्त शहर में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति पार्क’ के निर्माण की योजना पर भी काम किया जा रहा है, ताकि इतिहास की त्रासदी से आने वाली पीढ़ियां अवगत हो सकें।
कार्यक्रम में महापौर ने कहा कि देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सर्वोपरि है। उन्होंने अपील की कि सभी समुदाय आपसी सम्मान और शांति के साथ सह-अस्तित्व को मजबूत करें। साथ ही उन्होंने गौ रक्षा दल के सामाजिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर गौ रक्षा दल के महामंत्री राधे सनातनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पं. जितेंद्र शर्मा, जिला उपाध्यक्ष चंद्रपाल मौर्य, जिला मंत्री विशाल कोली, नगर अध्यक्ष धीरज बंसल सहित विकास कश्यप, राहुल, अनुराग, आशु, संजय, रोहित, ध्रुव, पंकज, सोनू राठौर, सन्नी, हर्ष, कुलदीप, राजा, प्रिंस समेत अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


