गर्दन की मालिश के दौरान महिला की मौत, झोलाछाप पर लापरवाही का आरोप

हल्द्वानी – दमुवादूंगा क्षेत्र निवासी मीनाक्षी की गर्दन की मालिश के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने कालाढूंगी रोड स्थित एक झोलाछाप पर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ निवासी रामचंद्र हल्द्वानी के दमुवादूंगा क्षेत्र में परिवार के साथ रहते हैं और निजी नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी मीनाक्षी की गर्दन में पिछले कई महीनों से दर्द की शिकायत थी। उसका करीब चार-पांच माह से सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार भी चल रहा था।

रामचंद्र के मुताबिक, लोगों की सलाह पर वह शुक्रवार को पत्नी को कालाढूंगी रोड स्थित एक व्यक्ति के पास लेकर पहुंचे, जिसे स्थानीय लोग पहलवान के नाम से जानते हैं। परिजनों का आरोप है कि गर्दन की मालिश करने के बाद उक्त व्यक्ति ने मीनाक्षी की गर्दन को जोर से हिला दिया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह मौके पर ही अचेत हो गई।

परिजन आनन-फानन में मीनाक्षी को बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों से जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

दो छोटे बच्चों के सिर से उठा मां का साया

मीनाक्षी अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। अचानक हुई मौत से परिवार सदमे में है। परिजनों ने संबंधित व्यक्ति की भूमिका की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।