वनाग्नि से निपटने की तैयारी तेज, 18 फरवरी को संजय वन में होगा जिला स्तरीय मॉक अभ्यास

ख़बर शेयर करे -

रूद्रपुर – आगामी वनाग्नि सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में 18 फरवरी 2026 को प्रस्तावित फॉरेस्ट फायर मॉक अभ्यास की तैयारियों को लेकर जिला आपदा प्रबंधन सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि वनाग्नि प्रबंधन एवं नियंत्रण की दिशा में फायर सीजन से पूर्व अपने-अपने वन प्रभागों में उपलब्ध संसाधनों, उनकी उपयोगिता, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता, अंतरविभागीय समन्वय तथा स्थानीय समुदायों की सहभागिता का अभ्यास एवं आकलन किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मॉक अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की तैयारियों को परखना एवं उन्हें और अधिक सुदृढ़ करना है। मॉक ड्रिल के माध्यम से उपकरणों और संसाधनों का परीक्षण भी हो जाता है।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सक्रियता एवं सजगता से अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही डीएफओ एवं उप जिलाधिकारियों को परगनों स्तर पर भी मॉक अभ्यास कराने के निर्देश दिए गए, ताकि वनाग्नि की किसी भी संभावित घटना को समय रहते रोका जा सके।

जिला पंचायतराज अधिकारी को वनों से सटे गांवों में लोगों को वनाग्नि के प्रति जागरूक करने तथा आवश्यक टीमें तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि कहीं भी वनाग्नि की घटना दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल आपदा नियंत्रण कक्ष, पुलिस अथवा वन विभाग को दें, जिससे समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

See also  क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी जीवन चन्द्र आर्य ने अंतिम दिन खेड़ा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में घर घर जाकर तुफानी जनसंपर्क कर सैकड़ों समर्थकों के साथ किया शक्तिप्रदर्शन

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी ने बताया कि मौसम पूर्वानुमान के अनुसार इस वर्ष वनाग्नि की संभावनाएं अधिक हैं। उन्होंने बताया कि 15 फरवरी से 15 जून तक फायर सीजन रहता है, ऐसे में सभी विभागों को पूरी सक्रियता के साथ समन्वय बनाकर कार्य करना होगा।

उन्होंने जानकारी दी कि 18 फरवरी को प्रातः 10:30 बजे से संजय वन क्षेत्र में वनाग्नि नियंत्रण मॉक अभ्यास आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी विभागीय अधिकारी प्रतिभाग करेंगे।

बैठक में उप जिलाधिकारी एवं ओसी आपदा गौरव पाण्डेय, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, पुलिस निरीक्षक अर्जुन सिंह, रवि रावत, अग्नि सुरक्षा अधिकारी चंदन, फायरमैन प्रमोद कुमार, सहायक अभियंता लोनिवि भुवन भास्कर पाण्डे,

पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एस.के. शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं प्रभागीय वनाधिकारी हिमांशु बागरी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।


ख़बर शेयर करे -